
India vs Srilanka Test Series team Selection: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार यानी 28 जुलाई होने वाला है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फ़ाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी। लेकिन इस सीरीज से पहले भारत को तीन बड़े झटके लगे हैं।
स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर, तेज गेंदबाज हर्षित राणा, ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी, अकाश दीप और अंशुल कंबोज की उपलब्धता इस सीरीज के लिए सबसे बड़ी चर्चा का विषय रहेगी। ये खिलाड़ी पिछले कुछ समय से चोटिल हैं। वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और पहले टेस्ट में उनके खेलने की संभावना न के बराबर है। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में ट्रेनिंग कर रहे हैं, लेकिन वे श्रीलंका टूर से पूरी तरह बाहर हैं, क्योंकि उन्हें सिर्फ व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए रखा गया है।
हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी लगभग पक्का बाहर माने जा रहे हैं। वॉशिंगटन सुंदर पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। गौतम गंभीर और शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम मैनेजमेंट उन्हें आमतौर पर पसंद करती है, लेकिन हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से उनकी उपलब्धता पर सवाल है।
श्रीलंका की पिचें स्पिनरों को मदद करने वाली मानी जाती हैं। टॉप ऑर्डर में बैटिंग का अनुभव रखने वाले ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन वहां काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। लेकिन 26 वर्षीय इस ऑलराउंडर के पूरी सीरीज के लिए फिट होने की कोई गारंटी नहीं है। हो सकता है 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें कंडीशनल शामिल किया जाए, लेकिन वह भी मुश्किल नजर आ रहा है।
जसप्रीत बुमराह भी जल्द ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जॉइन करने वाले हैं। उनकी टेस्ट सीरीज में उपलब्धता को लेकर थोड़ी अनिश्चितता है, क्योंकि यह सीरीज डबल्यूटीसी के मौजूदा चक्र का हिस्सा हैं। लेकिन आईपीएल के बाद उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए उनकी टीम में शामिल होने की संभावना ज्यादा है। बीसीसीआई ने पहले कहा था, “कार्डिफ में दूसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते समय जसप्रीत बुमराह के बाएं घुटने में इम्पैक्ट इंजरी हुई थी। रिएक्टिव स्वेलिंग की वजह से तीसरे वनडे के लिए उन्हें उपलब्ध नहीं रखा गया।”
नीतीश कुमार रेड्डी को टीम मैनेजमेंट ने साफ बता दिया है कि उन्हें अभी सिर्फ व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए देखा जा रहा है। इसलिए वे सितंबर में व्हाइट बॉल मैचों में ही वापसी करेंगे। उनका अगला रेड बॉल मैच नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ डबल्यूटीसी टेस्ट में हो सकती है। पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में हिस्सा लेने वाले ज्यादातर खिलाड़ी इस टीम में जगह बनाए रखेंगे। रविंद्र जडेजा, जो उस मैच में नहीं खेल पाए थे, उनकी वापसी भी लगभग तय मानी जा रही है।