Overbridge In Bandikui: आगरा फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज हो गई है। दस्तावेज जमा कराने के अंतिम दिन बड़ी संख्या में व्यापारी पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे।
बांदीकुई। शहर के बीचोबीच स्थित आगरा फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। इसी क्रम में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में दिनभर व्यापारियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां लोग अपने दस्तावेज जमा कराने के लिए पहुंचे।
यह वीडियो भी देखें
दस्तावेज जमा कराने की अंतिम तिथि होने के कारण सिकंदरा रोड, आगरा फाटक और बसवा रोड क्षेत्र के करीब 140 व्यापारियों ने अपने-अपने दस्तावेज विभाग में प्रस्तुत किए। व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहते थे, इसलिए विभाग की ओर से मांगे गए सभी आवश्यक कागजात समय पर जमा कराए गए हैं। कई व्यापारी सुबह से ही कार्यालय पहुंच गए थे, जिससे वहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को अतिरिक्त प्रयास करने पड़े।
गौरतलब है कि आगरा फाटक पर दिन में कई बार जाम लगने की समस्या पिछले करीब 25 साल से बनी हुई है। फाटक बंद होने पर शहर दो हिस्सों में बंट जाता है, जिससे आमजन, विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एम्बुलेंस और जरूरी सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की थी, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।
हाल ही में मुख्यमंत्री ने भी 11 अप्रेल को इस परियोजना को लेकर घोषणा की, जिसके बाद अब कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान सहायक अभियंता नितेश सैनी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कमलेश बैरवा, नवल शर्मा और विष्णु शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने व्यापारियों को आवश्यक जानकारी दी।
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे को जयपुर से जोड़ने के लिए बनाया गया 67 किलोमीटर लंबा बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस वे भी पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस मार्ग का रोड सेफ्टी ऑडिट भी पूरा हो चुका है। पहले ट्रायल रन किया गया और उसके बाद अंतिम रूप से सुरक्षा मानकों की जांच की गई। हालांकि, अब भी इस एक्सप्रेस वे के औपचारिक उद्घाटन के लिए एनएचएआई अधिकारियों को दिल्ली से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि ओवरब्रिज और एक्सप्रेस वे दोनों परियोजनाएं जल्द शुरू हो जाती हैं, तो बांदीकुई क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।