Dausa Fire News: सिकराय में भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में पांच भाइयों के घर उजाड़ दिए। लाखों का नुकसान, मवेशियों की मौत और पिघले आभूषणों ने हादसे की भयावहता दिखा दी।
सिकराय। नगरपालिका क्षेत्र के कुंडेरा डूंगर स्थित बैरवा ढाणी में शुक्रवार दोपहर लगी भीषण आग से पांच सगे भाइयों के कच्चे मकान और छप्पर जलकर राख हो गए। इस हादसे में लाखों रुपए के आभूषण, करीब 50 हजार रुपए नकद और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से दो भैंसों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल पशुओं का पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने उपचार शुरू किया है।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे ढाणी निवासी गोपाल बैरवा के छप्पर में अचानक आग लग गई। परिवार के लोग जब तक आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक तेज हवा और सूखे छप्परों के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने हरिमोहन बैरवा, राजू बैरवा, हेमचंद और रोशन के घरों व छप्परों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्यूबवेल तथा टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार राजावत, पटवारी लखनलाल मीना और कोमल लवासिया मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। हालांकि बांदीकुई से दमकल की गाड़ी पहुंचने तक अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कच्चे मकानों में रखे चांदी और सोने के आभूषण पिघलकर एक गांठ के रूप में बदल गए। इन आभूषणों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। साथ ही हजारों रुपए की नकदी भी जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।