दौसा

Dausa: ‘भूत-प्रेत बनाना चाहते हैं संबंध’, विशेष पूजा के बहाने से बुलाकर तांत्रिक करता महिलाओं से रेप और ठगी, UP से गिरफ्तार

Rajasthan Crime News: आरोपी महिला की घरेलू परेशानियां दूर करने और प्रेत-बाधा खत्म करने का झांसा देता था और विशेष पूजा-अर्चना के बहाने अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर रेप और ठगी करता था।
2 min read
May 08, 2026
Tantrik Pooja
फाइल फोटो: पत्रिका

Tantrik Arrested In Rape And Fraud Case: दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर रेप और ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बड़ा तांत्रिक बताकर महिलाओं को डराता था और उन पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी सुखवीर को यूपी के मक्खनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

विशेष पूजा के बहाने धार्मिक स्थलों पर ले जाता

पुलिस जांच में सामने आया कि वह पीड़िता को कहता था कि 'उस पर बुरी आत्माओं का साया है और भूत उससे शारीरिक संबंध बनाना चाहता है।' इसी डर और भ्रम का फायदा उठाकर आरोपी महिला को विशेष पूजा और तंत्र साधना के नाम पर हरिद्वार, मेहंदीपुर बालाजी और उज्जैन जैसे धार्मिक स्थलों पर ले जाता रहा। आरोपी महिला की घरेलू परेशानियां दूर करने और प्रेत-बाधा खत्म करने का झांसा देता था।

आरोपी वहां होटल में कमरे बुक कराता और भूत-प्रेत भगाने की पूजा के नाम पर महिला के साथ रेप करता था। इतना ही नहीं वह अलग-अलग अनुष्ठानों और पूजा सामग्री के नाम पर महिला से लाखों रुपए भी ठगता रहा। बदनामी के डर से पीड़िता लंबे समय तक चुप रही लेकिन परेशान होकर आखिरकार उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल नंबर बदलकर बचता रहा आरोपी

पीड़िता की रिपोर्ट पर मेहंदीपुर बालाजी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी धर्मराज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार मोबाइल नंबर बदल रहा था और अलग-अलग जगहों पर छिप रहा था।

साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उत्तरप्रदेश के मक्खनपुर क्षेत्र में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया। पूरे ऑपरेशन में दिनेश रीडर उपनिरीक्षक, शीशराम उपनिरीक्षक, साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण, कांस्टेबल कपिल और गिर्राज की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Published on:
08 May 2026 03:01 pm