धमतरी

CG Heatwave Alert: राजस्थान की तपिश से बढ़ी गर्मी, धमतरी में 40°C पार पारा, जानें मंगलवार का मौसम अपडेट

Heatwave Alert: राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने धमतरी जिले में तापमान को 40°C के पार पहुंचा दिया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी दी है।

2 min read
Apr 13, 2026
गर्म हवाओं ने झुलसाया। पत्रिका फाइल फोटो
गर्म हवाओं ने झुलसाया। पत्रिका फाइल फोटो

CG Heatwave Alert: राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने धमतरी जिले में गर्मी को असहनीय बना दिया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग दिनभर बेहाल रहे। रविवार सुबह 10 बजे तक तापमान सामान्य रहा, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद सूरज की तपिश अचानक तेज हो गई और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।

दिनभर करीब 27 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी बीते एक सप्ताह में दिन और रात के तापमान में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 29 डिग्री तक पहुंच गया है। यह बदलाव ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव की ओर संकेत कर रहा है।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से लेकर जून के पहले सप्ताह तक गर्मी और तेज हो सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना है। ऐसे में इस साल पिछले 10 से 15 वर्षों का तापमान रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

जानिए कैसा रहेगा मंगलवार का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, एक दो दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 14 अप्रैल से कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में अब भी तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट नहीं है।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर

भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें पेट दर्द, उल्टी, सर्दी-खांसी और लू से संबंधित मरीजों की संख्या ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। अस्पताल में ओआरएस पाउच का निशुल्क वितरण किया जा रहा है और लू प्रभावित मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

जिला अस्पताल के मेडिकल विशेषज्ञ डॉ विकास साहू का कहना है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने घर से निकलते समय सिर को ढंककर, चश्मा, टोपी लगाकर निकलने की सलाह दी है, जिससे लू से बचा जा सके।

Published on:
13 Apr 2026 08:26 pm