Dholpur Neg Dispute In Wedding: वायरल हो रहे एक वीडियो में दूल्हा-दुल्हन के घरवाले लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते हुए नजर आ रहे है। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने जमकर मारपीट की, जिससे पांच लोग घायल हो गए।
Rajasthan News: धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र के चन्दीलपुरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान नेग की राशि को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह मामूली सा विवाद जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार चंदीलपुरा निवासी पंजाब सिंह के घर उनकी बेटी की शादी हो रही थी, जहां नेग की राशि को लेकर दोनों पक्षों (दूल्हा-दुल्हन) में तनाव बढ़ गया।
चंदीलपुरा में हुआ यह विवाद न केवल गांव में, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। वायरल हो रहे एक वीडियो में दूल्हा-दुल्हन के घरवाले लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने जमकर मारपीट की, जिससे पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। उपचार के दौरान उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।