धौलपुर

Rajasthan News: राजस्थान में ‘खाकी’ को देखकर गाड़ी भगाने लगा पूर्व चेयरमैन, तलाशी में मिले 22 लाख रुपए

बाड़ी में पुलिस गश्त के दौरान पूर्व नगर पालिका चेयरमैन की कार से 22 लाख रुपए की नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। दस्तावेज पेश नहीं कर पाने पर पुलिस ने रकम जब्त कर जांच शुरू कर दी है और आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है।

2 min read
Feb 23, 2026
कार से बरामद रुपए। फोटो- पत्रिका

बाड़ी। कंचनपुर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान सैंपऊ नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा की गाड़ी से 22 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। इसे लेकर पूर्व चेयरमैन से पूछताछ की जा रही है और मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

ये भी पढ़ें

Dhirendra Shastri In Pushkar: धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान- हिंदू चार बच्चे पैदा करें, बेटियां IAS-IPS बनें, नाचने वाली नहीं

तलाशी में मिले रुपए

कंचनपुर थाना अधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि एक वाहन पुलिस को देखकर तेज गति से जाता हुआ दिखाई दिया। ऐसे में थाना पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस को शक हुआ और टीम ने तुरंत पीछा कर वाहन को रुकवाया। तलाशी लेने पर गाड़ी से 22 लाख रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा से पूछताछ कर रही है।

नहीं मिले संतोषजनक दस्तावेज

प्राथमिक पूछताछ में अर्जुन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि यह राशि वह बाड़ी सिंचाई विभाग के एईएन तपेंद्र मीणा से लेकर आ रहे थे। हालांकि इतनी बड़ी नकद राशि के संबंध में मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस को मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगा, जिसके बाद गाड़ी और बरामद नकदी को जब्त कर लिया गया।

कंचनपुर थाना पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की सूचना उच्च अधिकारियों को दी है। साथ ही आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी भेजी गई है, ताकि नकदी के स्रोत और उपयोग की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी राशि किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में लाई जा रही थी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आवश्यक दस्तावेज और संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

अर्जुन सिंह कुशवाह पुत्र रामवीर सिंह निवासी सैंपऊ को सैंपऊ जाते समय स्विफ्ट गाड़ी में 22 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया। उसके साथ रवि तिवारी पुत्र राकेश कुमार निवासी सैंपऊ भी सवार था। रवि तिवारी के बारे में बताया गया है कि वह सैंपऊ में 108 एंबुलेंस का चालक है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

इनका कहना है

सैंपऊ निवासी अर्जुन कुशवाह के पास मिली राशि का वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। ऐसे में मामला 106 बीएनएस में दर्ज किया गया है और इसकी सूचना आयकर विभाग को भेज दी गई है।

  • रामकिशन यादव, थाना अधिकारी, कंचनपुर

ये भी पढ़ें

PM Kisan Yojana: राजस्थान के किसानों के खाते में कब आएंगे 22वीं किस्त के रुपए? जान लीजिए

Also Read
View All

अगली खबर