Cyber Fraud Gang: डूंगरपुर में एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी करने वाली गैंग का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ऑपरेशन साइबर हंट के तहत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर फर्जी सिम और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
डूंगरपुर। जिले की साइबर सेल व दोवड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन साइबर हंट के तहत साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर में लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल और 38 फर्जी सिम जब्त किए गए हैं तथा उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मौज-शौक के नाम पर विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा देकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। चौंकाने वाली बात यह है कि ये साइबर ठग अपने ही घर के नाबालिग लड़कों को भी इस अपराध में शामिल कर उन्हें साइबर फ्रॉड करने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस मामले में गहन पूछताछ में जुटी हुई है।
जिला साइबर सेल के कांस्टेबल हेमेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि दोवड़ा थाना क्षेत्र के लीलवासा गांव के पास एक खंडहर में कुछ युवक बैठकर साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने खंडहर पर दबिश दी। वहां नीम के पेड़ की छांव में 14 से 15 युवक बैठे हुए थे, जो एकांत में मोबाइल का उपयोग कर रहे थे।
पुलिस ने घेरा बनाकर सभी युवकों को पकड़ा और एकांत में बैठने का कारण पूछा, जिस पर उनके जवाब विरोधाभासी मिले। इसके बाद उनके मोबाइल, सोशल मीडिया ऐप और खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि युवक एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर के लोगों को अश्लील फोटो भेजकर साइबर ठगी कर रहे थे। इस पर सभी को डिटेन कर दोवड़ा थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लड़कियां उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया।
आरोपी वेबसाइटों पर एस्कॉर्ट सर्विस के नाम से फर्जी विज्ञापन जारी करते थे और उसमें फर्जी सिम नंबर डालते थे। इसके बाद वे आमजन को अश्लील फोटो भेजकर अपने जाल में फंसाते थे। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फोटो भेजकर एक फोटो चुनने को कहते और फिर एडवांस राशि के नाम पर फर्जी खातों की डिटेल साझा करते थे। इसके बाद बातचीत के जरिए अधिक से अधिक रकम जमा करवा कर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में कई अन्य साइबर ठगी के खुलासे होने की संभावना है।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस ने दोवड़ा क्षेत्र के लीलवासा के लालसिंह पुत्र भैरव सिंह, बडलिया बनकोड़ा के प्रवीण पुत्र वेलजी पाटीदार, जसपुर जापका के नयनेश पुत्र हिरजी पाटीदार, रायणा के नितेश पाटीदार पुत्र गौतम पाटीदार, महेश पुत्र खेमजी पाटीदार, मुकेश पाटीदार पुत्र वेलजी पाटीदार, गलियाणा के नरेश पाटीदार पुत्र भगवान पाटीदार, साबला क्षेत्र के माल के जितेंद्र सिंह पंवार पुत्र गमीर सिंह, पचलासा बड़ा के दिनेश पुत्र रूपेंग पाटीदार, सरोदा क्षेत्र के डोली के भुरालाल पाटीदार पुत्र रामजी, देवजी पाटीदार पुत्र हुका, गजेंद्र पाटीदार पुत्र जगजी पाटीदार तथा प्रवीण पुत्र वालजी पाटीदार को गिरफ्तार किया है।