शिक्षा

CAT 2026: कैट के लिए 3 अगस्त से करें रजिस्ट्रेशन, फाइनल ईयर के छात्र भी कर सकेंगे अप्लाई, जानें सभी जरूरी डिटेल्स

CAT 2026 Registration: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) ने कॉमन एडमिशन टेस्ट कैट 2026 नोटिफिकेशन जारी हो गया है। इसके लिए 3 अगस्त, 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे और परीक्षा 29 नवंबर को तीन शिफ्ट में होगी। जानें रजिस्ट्रेशन फीस, परीक्षा पैटर्न और योग्यता से जुड़ी सभी जरूरी डिटेल...
2 min read
Jul 26, 2026
CAT Notification 2026, CAT Registration 2026, कैट 2026
CAT Notification 2026 Out (Image Source: Patrika)

CAT Exam 2026: देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) में एडमिशन का सपना देखने वाले कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है। कॉमन एडमिशन टेस्ट CAT 2026 परीक्षा 29 नवंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 3 अलग-अलग शिफ्ट में होगी। आधिकारिक घोषणा के अनुसार कैट 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 अगस्त, 2026 से शुरू होने जा रही है। योग्य और इच्छुक कैंडिडेट्स आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर अपना एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं।

जान लें क्या है जरूरी योग्यता

कैट परीक्षा देश-भर के अलग-अलग मैनेजमेंट प्रोग्राम में एडमिशन के लिए एक जरूरी परीक्षा है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि फॉर्म भरने से पहले योग्यता के सभी नियम ध्यान से पढ़ लें ताकि बाद में किसी भी स्तर पर उनका फॉर्म रिजेक्ट न हो। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास भारत सरकार या UGC से मान्यता प्राप्त किसी भी विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। जनरल, EWS और OBC कैटेगरी के उम्मीदवारों के ग्रेजुएशन में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या इसके बराबर CGPA होना जरूरी है।

आरक्षित वर्ग को अंकों में मिलेगी छूट

अगर कैंडिडेट्स अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या दिव्यांग वर्ग से आता है तो उसके लिए न्यूनतम अंकों की सीमा 45 प्रतिशत तय की गई है। इसके अलावा CA, CS, ICWA या FIAI जैसी प्रोफेशनल डिग्री रखने वाले कैंडिडेट्स भी तय प्रतिशत के साथ कैट परीक्षा के लिए अप्लाई कर सकते हैं। कैट परीक्षा के माध्यम से देश के 21 IIM और FMS दिल्ली, SPJIMR, MDI गुड़गांव, IITs और IIFT जैसे अन्य टॉप बिजनेस स्कूलों में एडमिशन होंगे। CAT 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन फीस जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए ₹2,700 और SC, ST और PwD कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए ₹1,350 है।

फाइनल ईयर के छात्र भी कर सकते हैं अप्लाई

सबसे खास बात यह है कि ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर की परीक्षा दे रहे या अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्र भी कैट 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, सिलेक्शन होने पर ऐसे उम्मीदवारों को प्रोविजनल आधार पर एडमिशन दिया जाएगा। उन्हें अपने संस्थान के प्रिंसिपल या रजिस्ट्रार से एक प्रमाण पत्र लाकर देना होगा जिसमें यह लिखा हो कि उन्होंने ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त करने की सभी जरूरतें पूरी कर ली हैं। ध्यान रहे कि IIM चयन प्रक्रिया के किसी भी चरण में कैंडिडेट्स की योग्यता का कभी भी वेरिफिकेशन कर सकता है।

CAT 2026 परीक्षा का पैटर्न

CAT 2026 के पैटर्न में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। यह CAT 2025 के स्ट्रक्चर को ही फॉलो करेगा, जिसमें 3 सेक्शन में कुल 68 सवाल होंगे। वर्बल एबिलिटी और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (VARC) में 24, डेटा इंटरप्रिटेशन और लॉजिकल रीजनिंग (DILR) में 22, और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड (QA) में 22 सवाल होंगे।

इस परीक्षा में हर सेक्शन के लिए 40 मिनट की समय सीमा तय होती है और उम्मीदवार एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन पर नहीं जा सकते। लगभग 70% सवाल मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन (MCQ) होते हैं और 30% सवाल ‘टाइप-इन-द-आंसर’ (TITA) वाले होते हैं। वहीं, गलत MCQ जवाबों के लिए एक नंबर की नेगेटिव मार्किंग होती है।

जनवरी 2027 में जारी होगा रिजल्ट

कैट 2026 का डिटेल्ड नोटिफिकेशन ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड की गई है। इस परीक्षा का एडमिट कार्ड 4 नवंबर, 2026 को ऑनलाइन पोर्टल पर जारी किया जाएगा। जबकि, परीक्षा 29 नवंबर, 2026 को होगी। इसका रिजल्ट जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को ध्यान देना चाहिए कि कैट 2026 स्कोर सिर्फ 31 दिसंबर, 2027 तक ही वैलिड रहेगा।

Updated on:
26 Jul 2026 09:16 pm
Published on:
26 Jul 2026 09:16 pm