
Ravi Kishan Gen Z Reaction: दिल्ली में ‘मौन व्रत’ के दौरान बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने Gen Z की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस दौरान युवाओं ने उन्हें जिस तरह का प्यार दिया, वो उनके लिए अविश्वनीय है। रवि किशन ने कहा कि उन्हें याद नहीं कि देश में उन्होंने ऐसा कुछ पहले कभी देखा हो।
रवि किशन कहते हैं, “इस ‘मौन व्रत’ के दौरान, इन Gen Z के लोगों ने मुझे निशब्द कर दिया। मुझे याद नहीं कि मैंने देश में कभी ऐसा कुछ देखा हो। Gen Z ने मुझ पर जो प्यार बरसाया है, वह ऐतिहासिक है और यह रुक नहीं रहा; यह दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। इसलिए, मैं उन सभी युवाओं, सभी Gen Z को आमंत्रित करता हूं जो इस देश का भविष्य हैं और जो एक दिन भारत की संसद में आएंगे। मैं आपकी बुद्धिमत्ता को सलाम करता हूं। आप लोग जिस तरह की क्रिएटिविटी दिखा रहे हैं, वह अविश्वसनीय है। आप लोगों ने मुझे, मेरे स्टाइल, मेरे शब्दों, मेरे नाम और यहां तक कि मेरी शोहरत को भी एक बहुत बड़े और असाधारण स्तर पर पहुंचा दिया है।”
बीजेपी सांसद और एक्टर रवि किशन की पॉपुलैरिटी केवल राजनीति या फिल्मों तक सीमित नहीं रही है। पिछले कुछ समय से उनके पुराने वीडियो, इंटरव्यू, भाषण और सोशल मीडिया क्लिप्स मीम्स और मीमर्स की पहली पसंद बन गए हैं। ‘Jaldi the late’ से लेकर ‘home from work’ जैसे उनके वायरल स्टेटमेंट इंटरनेट पर धड़ाधड़ शेयर किये जा रहे हैं। मई में खुद रवि किशन ने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि वो बार-बार वायरल क्यों हो जाते हैं। हाल के दिनों में उनका ‘मौन व्रत’ भी इंटरनेट यूजर्स के लिए नया मीम मैटेरियल बन गया। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनके मौन व्रत को लेकर मजेदार पोस्ट और मीम्स बनाए। कुछ यूजर्स ने तो ‘Maun Vrat’ को ही अलग-अलग मजेदार अंदाज में लिखकर रवि किशन के पुराने वायरल स्टेटमेंट्स से जोड़ दिया।
सोशल मीडिया पर लगातार अपने मीम्स के कारण वायरल हो रहे रवि किशन की पत्नी प्रीति शुक्ला ने भी मजेदार रिएक्शन दिया है। कथित तौर पर उन्होंने मजाक में बच्चों से कहा कि रवि किशन को कमरे में बंद कर दो, ताकि न वह बाहर निकलें और न ही कोई नया वीडियो वायरल हो।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब रवि किशन इस कदर वायरल हुए हैं। इससे पहल भी उनके बोलने के अंदाज और बिना लाग-लपेट के जवाब कई बार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुके हैं। अगर आपको याद हो तो कुछ वक़्त पहले उनका ‘Jaldi the late’ वाला वीडियो काफी समय तक मीम पेजों पर छाया रहा। इसके बाद ‘work from home’ की जगह ‘home from work’ कहने वाला उनका वीडियो क्लिप भी वायरल हुआ। जिसके वायरल होने के बाद खुद रवि किशन ने कहा था कि वो इंसान हैं और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं।
हाल में उनके डांस वीडियो, गाने और बेबाक इंटरव्यू क्लिप्स ने भी इंटरनेट पर उनकी मौजूदगी बढ़ाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके एनर्जेटिक डांस और ‘कोटेश्वराय’ भजन से जुड़े वीडियोज ने भी Gen Z के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ा दी है और लोग इस पर भी जमकर मीम बना रहे हैं।
यानी एक तरफ रवि किशन खुद Gen Z को उनकी क्रिएटिविटी के लिए सलाम कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इंटरनेट ने उनके पुराने डायलॉग, एक्सप्रेशन और वीडियो को नए मीम टेम्पलेट में बदल दिया है। यही वजह है कि अभिनेता से नेता बने रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा में हैं।
राजनीति के साथ-साथ रवि किशन फिल्मों में भी लगातार काम कर रहे हैं। उनकी हालिया फिल्म 'आर्यभट्ट का जीरो' है, जिसमें उनके साथ हिमांश कोहली, शिल्पा शिंदे और सोनाली ए सजनानी नजर आए हैं। इसके अलावा रवि किशन 'खोसला का घोसला 2' का भी हिस्सा हैं। ये फिल्म 2006 में रिलीज हुई 'खोसला का घोसला' का सीक्वल है और जल्द ही वो मिर्जापुर:द मूवी' में भी अहम किरदार में नजर आने वाले हैं।