Marce Pedrozo Death: बॉलीवुड के पॉपुलर हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेद्रोजो का अचानक निधन हो गया है। जान्हवी कपूर, नोरा फतेही, वरुण धवन और जैकलीन फर्नांडीस जैसे बड़े सितारों ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर किया है। जानिए क्या लिखा सब ने मार्से पेद्रोजो के बारे में।
Marce Pedrozo Death: बॉलीवुड की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सबको अपनी उंगलियों के जादू से खूबसूरत लुक देने वाले मशहूर सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेद्रोजो का निधन हो गया है। मार्से फिल्म इंडस्ट्री का एक ऐसा नाम थे, जिनसे बाल सेट करवाना हर एक्ट्रेस की पहली पसंद होती थी। उनके अचानक चले जाने से जान्हवी कपूर, नोरा फतेही, वरुण धवन और जैकलीन फर्नांडीस जैसे बड़े सितारों ने अपने अपने सोशल मीडिया पर मार्से के लिए इमोशनल पोस्ट्स लिखे हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि हमेशा हंसने-मुस्कुराने वाला मार्से अब इस दुनिया में नहीं है। मौत की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
जान्हवी कपूर ने मार्से के साथ अपनी कई पुरानी यादें और तस्वीरें शेयर की हैं। जान्हवी ने बताया कि कैसे वो और मार्से वैनिटी वैन में मस्ती करते थे। जान्हवी ने लिखा, जब भी मैं अपनी वैन में घुसती थी, हम एक-दूसरे को देखकर चिल्लाते थे चलो-चलो, सिर्फ 20 मिनट हैं। हम उन मुश्किल कामों और पागलों वाली शिफ्ट्स पर खूब हंसते थे। जान्हवी ने यह भी बताया कि काम के बीच में वो दोनों अक्सर छुपकर रेस्टोरेंट में खाना खाने निकल जाते थे। जान्हवी के लिए मार्से उनकी 'सेफ प्लेस' थे और वह उन्हें बहुत याद करेंगी।
एक्ट्रेस नोरा फतेही के लिए मार्से उनकी प्रोफेशनल लाइफ से कहीं ज्यादा करीब थे। नोरा ने एक बहुत ही इमोशनल नोट लिखकर बताया कि वो पूरी तरह टूट चुकी हैं। नोरा ने कहा, आज मैंने अपना एक बहुत प्यारा दोस्त, एक भाई और एक राजदार खो दिया। वो मेरे सफर का पहले दिन से हिस्सा थे। जब भी आप मुझे हंसते हुए देखते थे, उसके पीछे मार्से ही होते थे। नोरा ने फैंस से अपील की है कि वे मार्से की शांति के लिए प्रार्थना करें।
वरुण धवन ने भी मार्से की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, यकीन नहीं हो रहा दोस्त! अभी कुछ समय पहले ही तो हम साथ में शूट कर रहे थे। वो एक बहुत ही साफ दिल के इंसान थे।
तारा सुतारिया ने मार्से के साथ अपने 10 साल पुराने रिश्ते को याद किया। तारा ने बताया कि जब वो सिर्फ 20 साल की थीं और बहुत शरमाती थीं, तब मार्से ने ही उनके पहले फोटोशूट में उन्हें कॉन्फिडेंस दिया था। तारा ने मार्से को सेट की सबसे चमकती रोशनी बताया।
जैकलीन फर्नांडीस ने मार्से के निधन पर लिखा 'मेरी जान, तुम बहुत याद आओगे'। जैकलीन ने उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों की यादें ताजा करते हुए उन्हें एक शानदार इंसान बताया। जैकलीन ने मार्से के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद खास बताया और कहा कि सेट पर उनकी मौजूदगी से हमेशा सकारात्मक ऊर्जा रहती थी। उन्होंने मार्से की आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी।
मार्से की मौत की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग माहौल बना दिया है। कई मेकअप आर्टिस्ट्स और फोटोग्राफर्स ने भी सोशल मीडिया पर दुख जताया है। उन्होंने सिर्फ जान्हवी या नोरा ही नहीं, बल्कि खुशी कपूर, रिया कपूर, मलाइका अरोड़ा, तृप्ति डिमरी, सुहाना खान और भूमि पेडनेकर जैसी बड़ी एक्ट्रेसेस के साथ भी काम किया था। मार्से अपने काम को लेकर बहुत पैशनेट थे और भविष्य के लिए उनके कई बड़े प्लान थे। फिलहाल उनके परिवार और करीबियों की तरफ से मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।