
Jana Nayagan Release Date: थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज को लेकर इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। सेंसर बोर्ड से फिल्म को 'यू' सर्टिफिकेट मिलने के बाद मेकर्स ने रिलीज की तैयारियां तेज कर दी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को 16 या 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। वहीं, फिल्म को 23 जुलाई को रिलीज करने के लिए थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटरों से लगातार बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म की रिलीज के चलते दूसरी फिल्मों की रिलीज डेट में भी बदलाव हो सकता है।
फिल्म की रिलीज को लेकर प्रोडक्शन कंपनी लगातार थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर से बातचीत कर रही है। माना जा रहा है कि 23 जुलाई की रिलीज को लेकर सहमति बनाने की कोशिश चल रही है ताकि फिल्म को ज्यादा से ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सके। जन नायकन की रिलीज का असर दूसरी फिल्मों पर भी पड़ सकता है। महीने के आखिर में रिलीज होने वाली कुछ फिल्मों की तारीख बदलने पर भी विचार किया जा रहा है।
खबरों के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय ने थिएटर मालिकों को टिकट की कीमत नहीं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह उनकी आखिरी फिल्म है, जो उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद रिलीज होगी। ऐसे में कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा दर्शक सामान्य टिकट दर पर फिल्म देख सकें। इसी वजह से उम्मीद जताई जा रही है कि जन नायकन तमिलनाडु में पहले की तुलना में अधिक सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
जन नायकन तमिल सिनेमा की महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 500 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि थलापति विजय ने इस फिल्म के लिए 220 से 250 करोड़ रुपये फीस ली है।
जन नायकन फिल्म विजय के करियर का अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देंगे। फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है। इसमें पूजा हेगड़े मुख्य अभिनेत्री हैं। वहीं बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, प्रियामणि, ममिता बैजू और नारायण समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।