
Karan Wahi injuries Khatron Ke Khiladi 15: टेलीविजन का फेमस एडवेंचर और स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' (KKK 15) शुरू हो चुका है। यह जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम हो रहा है। इस शो को हमेशा की तरह इस बार भी रोहित शेट्टी ही होस्ट कर रहे हैं। वहीं, इस नए सीजन की शुरुआत के साथ ही कंटेस्टेंट के गंभीर रूप से घायल होने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। बीते दिन अभिनेता गौरव खन्ना ने अपनी एक तस्वीर शेयर की थी जिसमें उनकी पीठ पर पड़े निशान साफ दिखाई दे रहे थे। अब अभिनेता करण वाही ने भी रबर बुलेट स्टंट के दौरान आई अपनी चोटों की तस्वीरें शेयर की हैं। जिसे देख फैंस सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
करण वाही ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया और बताया कि उन्हें यह चोटें एक एलिमिनेशन राउंड ('फियर फंडा' स्टेज) के स्टंट के दौरान लगीं हैं। इस टास्क में करण वाही, गौरव खन्ना, विशाल आदित्य सिंह और शगुन शर्मा को एक लाइन में खड़ा किया गया था और शूटर ने उन पर पीछे से रबर की गोलियां यानी रबर बुलेट्स चलाई थीं। उन्होंने लिखा, "यह तीसरी बार है जब मैं इस शो का हिस्सा बना हूं, लेकिन यह अब तक का सबसे डरावना और दर्दनाक सीजन रहा है। यह सबसे कठिन स्टंट था जो मैंने किया है। मैं दर्शकों से अपील करता हूं कि इसे कहीं भी दोहराने (ट्राई करने) की कोशिश न करें।"
सोशल मीडिया पर लोगों ने करण वाही को लेकर कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा, "हमें आप पर गर्व है, मुझे आपकी फैन होने पर गर्व है। इस सीज़न में आपने पहले स्टंट से ही कमाल कर दिया। उम्मीद है कि आप ही ट्रॉफ़ी जीतेंगे। आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं, वाही जी।" दूसरे ने लिखा, "यह आपका सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस था। जब मैंने वह स्टंट देखा, तो सचमुच मेरी आँखों से आँसू आ गए।" तीसरे ने लिखा, "यह एक चुनौती नहीं, बल्कि टॉर्चर जैसा लगने लगा था।"
करण वाही से पहले अभिनेता गौरव खन्ना ने भी इसी टास्क के बाद अपनी पीठ पर पड़े गहरे जख्मों का एक वीडियो फैंस के साथ शेयर किया था। गौरव खन्ना ने लिखा था कि टीवी पर इसे देखकर उन्हें अब भी वही दर्द महसूस होता है और उनके शरीर पर इन चोटों के निशान अब भी मौजूद हैं।
सोशल मीडिया पर प्रतियोगियों की चोटों के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद शो के मेकर्स पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे। ऐसे में मेकर्स ने सफाई देते हुए कहा कि यह शो बिल्कुल भी अमानवीय नहीं है। शूटिंग के दौरान इंटरनेशनल लेवल की सिक्योरिटी और सेफ्टी पैरामीटर्स रखे जाते हैं। वहीं, HT से बात करते हुए प्रोडक्शन हाउस बनिजय के सीईओ दीपक धर ने कहा, “यह शो बिल्कुल भी क्रूर नहीं है। हां इसमें डर का फैक्टर जरूर है। इसे 'फियर फैक्टर' यूं ही नहीं कहा जाता। लेकिन यह शो अब अपने 15वें या 16वें सीजन में है। हम इसे भारत में नहीं करते। हम इसे एक इंटरनेशनल स्टेज पर करते हैं जहां सभी जांच-पड़ताल, सेफ्टी प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाता है।”
'खतरों के खिलाड़ी 15' का प्रसारण 1 अगस्त 2026 से कलर्स टीवी पर शुरू हो चुका है, और यह जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम हो रहा है। इस सीजन में गौरव खन्ना और करण वाही के अलावा रुबीना दिलैक, जैस्मिन भसीन, अविका गोर, ऋत्विक धनजानी, ओरी और विशाल आदित्य सिंह जैसे प्रमुख चेहरे हिस्सा ले रहे हैं।