मनोरंजन

सूबेदार रतन सिंह की यादें ताजा, क्या ‘बॉर्डर 2’ में दिखेंगे पुनीत इस्सर?

फिल्म 'बॉर्डर' (1997) में सूबेदार रतन सिंह के किरदार को यादगार बनाने वाले पुनीत इस्सर 'बॉर्डर 2' का हिस्सा नहीं हैं। फिल्म के टीजर और रिलीज हुए गानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने प्रोड्यूसर्स व कास्ट को अपनी शुभकामनाएं दीं।

2 min read
Jan 13, 2026
पुनीत इस्सर-बॉर्डर 2 फोटो (फोटो सोर्स: IMDb)

Puneet Issar On Border 2: 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉर्डर’ न सिर्फ अपनी कहानी, फिल्मांकन और संगीत के लिए, बल्कि किरदारों की यादगार परफॉर्मेंस के लिए भी आज तक याद की जाती है। फिल्म का हर किरदार चाहे उसका स्क्रीन टाइम कम रहा हो या ज्यादा दर्शकों पर अपनी गहरी छाप छोड़ने में सफल रहा।

ऐसा ही एक प्रभावशाली किरदार था सूबेदार रतन सिंह का, जिसे अभिनेता पुनीत इस्सर ने निभाया था। यह किरदार एक मजबूत, बुलंद आवाज वाले दमदार फौजी का था, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। पुनीत इस्सर ने अपने सशक्त अभिनय से इस किरदार में जान डाल दी थी, यही वजह है कि यह किरदार आज भी फैंस को याद है।

ये भी पढ़ें

Border2 New Song: ‘बॉर्डर 2’ का इमोशनल गाना ‘जाते हुए लम्हे’ रिलीज, ताजा हुई ‘बॉर्डर’ की यादें

फिल्म में उनका मशहूर डायलॉग “चिड़िया नाल जे बाज लड़ावां, तां गुरु गोबिंद सिंह नां करावा" अभी भी लोगो को याद है। इस भूमिका को रियल बनाने के लिए पुनीत इस्सर ने करीब एक महीने तक असली सैनिकों की तरह ट्रेनिंग ली थी, जिससे उनका अभिनय और भी प्रभावशाली नजर आया।

क्या 'बॉर्डर 2' में दिखेंगे पुनीत इस्सर

दर्शकों को उम्मीद थी कि पुनीत इस्सर एक बार फिर ‘बॉर्डर2’, जो 'बॉर्डर' का सीक्वल है, में नजर आएंगे। हालांकि, कई अन्य पुराने किरदारों की तरह उनका किरदार भी इस फिल्म का हिस्सा नहीं है।

'बॉर्डर2' पर पुनीत इस्सर की प्रतिक्रिया (Puneet Issar On Border2)

'बॉर्डर 2' की रिलीज से पहले पुनीत इस्सर ने Patrika.Com से बातचीत की। फिल्म के अब तक रिलीज हुए गानों और टीजर को लेकर उन्होंने कहा "उन्हें सभी पसंद आया है, लेकिन फिल्म को लेकर अंतिम फैसला तो रिलीज के बाद दर्शक ही करेंगे।"

सीक्वल बनाए जाने पर उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह प्रोड्यूसर्स पर निर्भर करता है। अगर वे बनाना चाहते हैं, तो यह उनका अधिकार है।” इसके साथ ही पुनीत इस्सर ने 'बॉर्डर 2' के प्रोड्यूसर्स और पूरी कास्ट को बेस्ट विशेस दीं।

पुनीत इस्सर के बारे में (About Puneet Issar)

पुनीत इस्सर एक जाने-माने अभिनेता, निर्देशक और लेखक हैं। उन्हें टीवी शो ‘महाभारत’ में दुर्योधन की यादगार भूमिका से जबरदस्त लोकप्रियता मिली। उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री, पंजाबी, मराठी फिल्मों में भी काम किया है। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘कुली’ (1983), ‘बॉर्डर’ (1997) और ‘द कश्मीर फाइल्स’ (2022) शामिल हैं। साल 2025 में वह ‘द बंगाल फाइल्स’ में नजर आए। इसके अलावा, वह थिएटर के स्टेज पर भी सक्रिय हैं और “महाभारत - द एपिक टेल” में दुर्योधन तथा “ईश्वर” में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। पुनीत इस्सर ने ‘गर्व’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है और वे एक वॉइस कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं।

'बॉर्डर 2' कास्ट और रिलीज डेट (Border 2 Cast and Release Date)

‘बॉर्डर 2’, साल 1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है, जो 1971 के युद्ध पर आधारित एक नई कहानी पेश करती है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और अन्या सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि जबकि इसे जेपी दत्ता, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है। ‘बॉर्डर2’ 23 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में छाया मातम, मशहूर सिंगर अर्जन ढिल्लों के पिता का निधन

Also Read
View All

अगली खबर