मनोरंजन

राजपाल यादव को बड़ी राहत: 11 दिन बाद आएंगे तिहाड़ से बाहर, 18 मार्च तक मिली अंतरिम जमानत

Rajpal Yadav Gets Interim Bail: राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। अदालत ने उन्हें 18 मार्च तक की राहत दी है। यह आदेश सोमवार (16 फरवरी) को एक कथित रूप से बाउंस चेक से जुड़े विवाद में चल रही कानूनी कार्यवाही के तहत पारित किया गया।
2 min read
Feb 16, 2026
Rajpal Yadav Gets Interim Bail
राजपाल यादव को मिली बड़ी राहत। (फोटो सोर्स: rajpalofficial)

Rajpal Yadav Gets Interim Bail: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट ने 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 18 मार्च तक की अंतरिम जमानत दे दी है। खबरों के मुताबिक, राजपाल यादव द्वारा शिकायतकर्ता को 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान करने के बाद जमानत दी गई। अब वो 11 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे। यह पूरा मामला एक्टर के खिलाफ कथित रूप से बाउंस हुए चेक से जुड़े वित्तीय मामले में चल रही कानूनी कार्यवाही के बीच आया है।

राजपाल यादव ने फैमिली की शादी एक फंक्शन्स में शामिल होने की अनुमति मांगने के लिए जमानत याचिका दायर की थी। उनकी अंतरिम याचिका पर पहली सुनवाई 12 फरवरी को हुई थी, लेकिन बाद में मामले को 16 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।

चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट के लंबे समय से चल रहे मामले में अतिरिक्त समय की मांग करने वाली यादव की अंतिम समय की याचिका को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद, यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।

सुनाई गई थी छह महीने की जेल की सजा

हाई कोर्ट ने अपने पहले आदेशों का बार-बार पालन न करने का हवाला देते हुए उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई थी। जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला 2010 का है और इसमें उनके प्रोडक्शन हाउस 'अता पता लापता' के बंद होने के बाद कथित तौर पर लगभग 9 करोड़ रुपये के बकाया धनराशि का समय से भुगतान न होने का आरोप है।

इंडस्ट्री के कई बड़े सेलेब्स ने बढ़ाया मदद का हाथ

खबरों के मुताबिक, यादव को इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियों से आर्थिक मदद मिली है, जिसमें सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और फिल्म निर्माता डेविड धवन जैसे अभिनेताओं ने उनसे संपर्क किया है, वहीं गायक गुरु रंधावा, मीका सिंह और अनुप जलोटा ने भी सार्वजनिक रूप से मदद देने की घोषणा की है।

इससे पहले, सोनू सूद ने भी यादव को अपनी आगामी फिल्म में एक भूमिका और साइनिंग फीस देकर समर्थन दिया था। राजनेता तेज प्रताप यादव, कमाल आर खान और संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह समेत कई अन्य लोगों ने भी अभिनेता को उनके बकाया चुकाने और जमानत दिलाने में आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।