
Ravi Mohan Personal Life Controversy: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता रवि मोहन इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। पत्नी आरती रवि से तलाक की खबरों और सिंगर केनिशा फ्रांसिस के साथ रिश्ते को लेकर लगातार चल रही चर्चाओं के बीच अब अभिनेता ने पहली बार खुलकर मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया है। हाल ही में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में रवि मोहन कई बार भावुक हो गए। कभी उनकी आवाज ऊंची हुई तो कभी वह कैमरों के सामने रोते नजर आए।
रवि मोहन ने कहा कि लंबे समय तक चुप रहना उनकी सबसे बड़ी गलती थी। अभिनेता ने दावा किया कि पिछले 23 वर्षों से वो लगातार मेहनत करते रहे, सिर्फ अपने परिवार और बच्चों के लिए। लेकिन अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि उन्हें अपने ही बच्चों से मिलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनेता ने बेहद भावुक होकर कहा, 'मैं अपने बच्चों के लिए जीता था. अगर थोड़ा भी प्यार मिला होता तो क्या मैं घर छोड़कर आता? मैंने जिंदगी में सबकुछ दे दिया, लेकिन बदले में मुझे सिर्फ दर्द मिला।'
रवि मोहन ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बच्चों को सिक्योरिटी के बीच स्कूल भेजा जाता है और ऐसा माहौल बना दिया गया है कि वह खुद को पूरी तरह अलग-थलग महसूस कर रहे हैं। अभिनेता के मुताबिक, इसी तनाव के चलते उन्होंने घर छोड़ने का फैसला लिया।
इस दौरान अभिनेता ने बिना किसी का नाम लिए एक अभिनेत्री पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, '3 अक्षरों वाली इडली एक्ट्रेस ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी।' रवि ने आगे कहा, 'उन्होंने कई परिवारों को तोड़ा है. मैं सबकुछ बता सकता हूं, लेकिन अभी नहीं कहना चाहता।'
अभिनेता ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी कई चौंकाने वाले दावे किए। उन्होंने कहा कि लोग करोड़ों की संपत्ति की बातें करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि वह इस समय किराए के घर में रह रहे हैं। रवि मोहन ने दावा किया कि उनके नाम पर खुद का बैंक अकाउंट तक नहीं था और वह अपनी कमाई भी अपनी इच्छा से खर्च नहीं कर सकते थे।
सिंगर केनीशा फ्रांसिस को लेकर भी रवि मोहन ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुश्किल दौर में केनिशा ने उन्हें समझा और भावनात्मक सहारा दिया। हालांकि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि वह रिश्ता भी टूटने की कगार पर पहुंच गया है। हाल ही में केनिशा ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसके बाद दोनों के अलगाव की खबरों ने जोर पकड़ लिया।
रवि मोहन ने अपनी शादी को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। अभिनेता ने कहा, 'मुझे मजबूर करके शादी कराई गई. मैं किसी की जिंदगी से खेलना नहीं चाहता था, लेकिन मेरे साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है।'
प्रेस मीट के आखिर में अभिनेता ने साफ किया कि वो फिलहाल फिल्मों से दूरी बनाए रखेंगे। रवि मोहन ने कहा कि जब तक उनकी निजी जिंदगी पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक वो किसी नए प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेंगे। अभिनेता के इस भावुक बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें समर्थन दे रहे हैं और उनके जल्द संभलने की दुआ कर रहे हैं।