
Sanchita Ugale Death: टीवी इंडस्ट्री की उभरती हुई अभिनेत्री संचिता उगले के निधन ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 22 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली संचिता के जाने के बाद लगातार कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। इस बीच अब उनके लोकप्रिय शो 'साजन घर' के निर्देशक शशि मित्तल ने पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने अभिनेत्री की मानसिक और शारीरिक स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कई अहम बातें साझा कीं।
संचिता उगले ने अपने छोटे से करियर में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। उनके अचानक निधन के बाद सोशल मीडिया से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकारों और करीबी लोगों ने दावा किया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थीं। वहीं, कुछ कलाकारों ने उनके सह-कलाकार उज्जवल शर्मा पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए, जिसके बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
अब 'साजन घर' के निर्माता-निर्देशक शशि मित्तल ने 'फ्री प्रेस जर्नल' से बात करते हुए इन आरोपों और चर्चाओं के बीच अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि संचिता को शो से हटाया नहीं गया था, बल्कि उनकी सेहत को देखते हुए उन्हें कुछ समय का आराम दिया गया था। निर्देशक के मुताबिक, अभिनेत्री की स्थिति को समझते हुए उनके माता-पिता से बातचीत की गई थी और सभी की सहमति से ये फैसला लिया गया था कि संचिता कुछ समय के लिए काम से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें।
शशि मित्तल ने ये भी बताया कि पूरी टीम का इरादा उन्हें दोबारा शो में वापस लाने का था। उन्हें लगभग एक महीने से ज्यादा का ब्रेक दिया गया था ताकि वो बेहतर महसूस कर सकें। निर्देशक ने दावा किया कि शो की तरफ से डॉक्टर की व्यवस्था भी की गई थी और इलाज से जुड़ी जरूरतों में हर संभव सहयोग किया गया था। उनका कहना था कि टीम को उम्मीद थी कि संचिता जल्द स्वस्थ होकर दोबारा कैमरे के सामने लौटेंगी।
संचिता और अभिनेता उज्जवल शर्मा के रिश्ते को लेकर उठे सवालों पर भी शशि मित्तल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सेट पर दोनों कलाकारों के बीच कभी किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हुई। दोनों की केमिस्ट्री शानदार थी और पूरी टीम उन्हें एक अच्छे दोस्त के रूप में देखती थी। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ कथित चैट्स और आरोपों ने उन्हें भी हैरान किया है।
निर्देशक ने कहा कि अगर वाकई ऐसी बातें हुई हैं तो वो उनके बारे में निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकते, लेकिन इतना जरूर मानते हैं कि संचिता बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती अभिनेत्री थीं। उनके मुताबिक, इंडस्ट्री में ऐसे कलाकार बहुत कम देखने को मिलते हैं जिनमें अभिनय के प्रति इतना समर्पण और जुनून हो।