फिरोजाबाद

ससुर मुलायम सिंह और पति अखिलेश की साख भी नहीं आई थी काम, जब एक फिल्म स्टार से पहला चुनाव हार गईं डिंपल यादव

Dimple Yadav Viral Video: डिंपल यादव का 16 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे फर्राटेदार अंग्रेजी बोलती दिख रही हैं। जानिए डिंपल यादव का पहला चुनाव जिसमें एक फिल्म स्टार ने उन्हें हरा दिया था।

2 min read
akhilesh yadav, dimple yadav
अखिलेश यादव की पत्नि डिंपल यादव और राज बब्बर | फोटो सोर्स- IANS/ ANI

Dimple Yadav Viral Video: उत्तर प्रदेश की राजनीति में डिंपल यादव आज एक बहुत बड़ा नाम हैं। वे समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव की पत्नी हैं और अपने ससुर मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को संभाल रही हैं। आजकल सोशल मीडिया पर डिंपल यादव का करीब 16 साल पुराना एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में डिंपल एक न्यूज चैनल को इंग्लिश में इंटरव्यू दे रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद यूपी की राजनीति का वो पुराना किस्सा फिर से चर्चा में आ गया है, जब डिंपल यादव को अपने पहले ही चुनाव में एक फिल्म स्टार के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

फिरोजाबाद का वो चुनाव और राज बब्बर की एंट्री

यह बात साल 2009 की है, जब डिंपल यादव पहली बार चुनाव लड़ने जा रही थी। तब 2009 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने दो सीटों कन्नौज और फिरोजाबाद से चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने फिरोजाबाद सीट छोड़ दी, जिसके कारण वहां उपचुनाव हुआ। जिसमें समाजवादी पार्टी ने इस सीट से डिंपल यादव को टिकट दिया। सपा के इस गढ़ में डिंपल यादव का मुकाबला आसान नहीं था, क्योंकि कांग्रेस ने उनके सामने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राज बब्बर को मैदान में उतार दिया था।

जब 85 हजार वोटों से हार गई डिंपल यादव

इस चुनाव में फिल्म स्टार राज बब्बर ने डिंपल यादव का पूरा गेम पलटकर रख दिया। जब चुनाव के नतीजे आए, तो राज बब्बर को करीब 3.12 लाख वोट मिले, जबकि डिंपल यादव को 2.27 लाख वोट मिले। इस तरह डिंपल यादव अपना पहला चुनाव राज बब्बर से करीब 85 हजार वोटों से हार गई। इस हार के बाद भी डिंपल रुकी नहीं। इसके बाद साल 2012 में कन्नौज के उपचुनाव में वे निर्विरोध जीतकर पहली बार सांसद बनी और साल 2024 के चुनाव में उन्होंने मैनपुरी सीट से बड़ी जीत हासिल की।

वायरल वीडियो में पत्रकार के सवालों पर दिए मजेदार जवाब

इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस पुराने इंटरव्यू में डिंपल यादव का एक अलग और बेबाक अंदाज देखने को मिला। जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि 'क्या चुनाव को लेकर आपको ससुर मुलायम सिंह यादव या पति अखिलेश यादव से कोई सलाह मिली है? तो डिंपल ने हंसते हुए सीधे 'ना' कह दिया।
इंटरव्यू में जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि अगर आप सांसद बनकर दिल्ली चली गई, तो बच्चों को कौन संभालेगा?' इस पर डिंपल ने बहुत ही बेबाक अंदाज में कहा कि यादव परिवार में बहुत सारे लोग हैं, जो बच्चों को संभाल लेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वे राजनीति और परिवार दोनों को अच्छे से मैनेज कर लेंगी।
फिर जब उनसे पूछा गया कि क्या वे जीत के लिए किसी भगवान से प्रार्थना कर रही हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बिल्कुल नहीं, आप खुद ही देख लीजिएगा। सोशल मीडिया पर लोग डिंपल यादव के इस पुराने अंदाज और उनकी अंग्रेजी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Updated on:
26 May 2026 05:50 pm
Published on:
26 May 2026 02:05 pm