गुडगाँव

गुड़गांव में मर्डर के बाद सुसाइड! AI इंजीनियर ने रूम में किया कलीग का बेरहमी से कत्ल, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पुलिस जता रही आशंका

Optum Engineers Case: गुरुग्राम में महिला इंजीनियर इंशराह अय्यूबी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि साथी इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक ने हत्या के बाद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
2 min read
Jul 13, 2026
Gurgaon Engineer Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर

Gurgaon Engineer Murder: गुरुग्राम में दो युवा इंजीनियरों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पहले सेक्टर-55 के एक पीजी में 25 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर इंशराह अय्यूबी की खून से लथपथ लाश मिली। उनके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे और गला भी रेता गया था। इसी बीच करीब 60 किलोमीटर दूर गढ़ी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उनके साथी इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक का भी शव मिला। जब मामले में जांच आगे बढ़ी तो दोनों मामलों के आपस में तार जुड़े नजर आए। इसी को लेकर पुलिस ने इस मामले में खुलासा किया है।

फोन नहीं उठा तो परिवार ने पुलिस से मांगी मदद

उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली इंशराह अय्यूबी गुरुग्राम में अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर सर्विस कंपनी ऑप्टम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। परिवार के लोग लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन इंशराह की ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। बार-बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हुआ तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस थाने में इंशराह की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। यहीं से पूरे मामले की जांच शुरू हुई।

मोबाइल लोकेशन ने पुलिस को पहुंचाया साथी के पीजी तक

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इंशराह के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। फोन की आखिरी लोकेशन सेक्टर-55 के एक पीजी में मिली। यह कमरा छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 25 साल के श्रेष्ठ मलिक का था। श्रेष्ठ भी इंशराह की कंपनी ऑप्टम में काम करता था और पेशे से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंजीनियर था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से करीब तीन दिन पहले ही इंशराह अपना सामान लेकर श्रेष्ठ के कमरे में आई थीं। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया।

दरवाजा तोड़ा तो अंदर दिखा खौफनाक मंजर

पुलिस जब पीजी पहुंची तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने कोई चीख या असामान्य आवाज सुनने की बात नहीं कही। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में इंशराह का शव खून से लथपथ पड़ा था। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर चाकू से कई वार के निशान मिले और गला भी रेता गया था।

यहां से बदली पूरी कहानी

इंशराह की हत्या की जांच चल ही रही थी कि पुलिस को एक और जानकारी मिली। शनिवार को सरकारी रेलवे पुलिस ने गढ़ी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक से एक युवक का शव बरामद किया था। युवक के पास मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों से उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। शुरुआत में रेलवे ट्रैक पर हुई मौत को हादसा माना जा रहा था, लेकिन इंशराह की हत्या की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को दोनों घटनाओं के बीच कनेक्शन दिखाई देने लगा।

पुलिस को शक- हत्या के बाद श्रेष्ठ ने दी जान

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि श्रेष्ठ ने कथित तौर पर इंशराह की हत्या की और इसके बाद ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं की है। ऐसे में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और दोनों के डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच आखिर क्या हुआ था।

Updated on:
13 Jul 2026 02:36 pm
Published on:
13 Jul 2026 02:36 pm
Also Read
View All