
हाथरस। जिले के थाना सादाबाद इलाके के एक गांव में 13 साल की नाबालिग से दो युवकों द्वारा बलात्कार किए जाने के बाद धमकी देने के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जब पीड़िता के परिजनों ने इसकी शिकायत इलाका पुलिस से की तो इलाका पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। तब अपनी बेटी को न्याय दिलाने की खातिर परिजन काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ फ़रियाद लेकर एसपी ऑफिस आये। वहां एएसपी ने थाना पुलिस को मुकददमा दर्ज कर नाबालिग का मेडिकल करवाने के आदेश किये हैं।
घर में घुस कर किया बलात्कार
देर रात सादाबाद इलाके के एक गांव में दो बाहनें अपने पिता के साथ घर में सो रही थीं, तभी गांव के ही दो युवक जयप्रकाश और शैलेन्द्र ने आकर नाबालिग को दबोच लिया और उसके साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। उनके जाने के बाद नाबालिग ने इस बात की जानकारी अपने पिता को दी। पिता इस बात की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए इलाका पुलिस से गुहार लगाता रहा, लेकिन इलाका पुलिस ने उसकी गुहार नहीं सुनी। तब पीड़िता का पिता काफी ग्रामीणों के साथ एसपी ऑफिस गुहार लगाने पहुंच गया।
मेडिकल परीक्षण के दिए निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार ने बताया कि उक्त पीड़ित पक्ष मेरे पास आया था, जिसके मेडिकल परीक्षण कराने के संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित कर दिया है, वहीं उक्त घटना की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया जायेगा।