स्वास्थ्य

H3N2 Super Flu Alert: सुपर फ्लू का बढ़ता कहर! अब तक 10 हजार लोग अस्पताल में भर्ती, जानिए लक्षण और बचाव

H3N2 Super Flu Alert: H3N2 सुपर फ्लू अमेरिका में तेजी से फैल रहा है। CDC के अनुसार फ्लू से अस्पताल में भर्ती 14% बढ़े। जानिए लक्षण, खतरा और बचाव के तरीके।
2 min read
Dec 21, 2025
H3N2 Super Flu Alert
H3N2 Super Flu Alert (Photo- freepik)

H3N2 Super Flu Alert: कोरोना के बाद अब एक बार फिर फ्लू ने चिंता बढ़ा दी है। H3N2 स्ट्रेन, जिसे लोग अब सुपर फ्लू भी कह रहे हैं, अमेरिका में तेजी से फैल रहा है। इससे पहले इसका असर ब्रिटेन में देखा गया था। अमेरिका के CDC (Centers for Disease Control and Prevention) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में 14.3% की बढ़ोतरी हुई है और अब तक करीब 9,900 लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं।

यह कोई बिल्कुल नया वायरस नहीं है, लेकिन इसमें ऐसे म्यूटेशन आ गए हैं, जिनकी वजह से यह पहले के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैल रहा है। यही कारण है कि सामान्य मौसमी फ्लू की तुलना में इसके मामले अचानक ज्यादा बढ़ते दिख रहे हैं। WHO भी बता चुका है कि फिलहाल कई देशों में फैल रहे फ्लू मामलों में H3N2 की बड़ी हिस्सेदारी है।

कहां-कहां फैल रहा है यह सुपर फ्लू?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के कम से कम 30 राज्यों में यह फ्लू फैल चुका है। इनमें न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, टेक्सास, वॉशिंगटन, मैसाचुसेट्स, लुइसियाना और यहां तक कि अलास्का जैसे राज्य भी शामिल हैं। वॉशिंगटन डीसी में भी इसके केस सामने आए हैं। यानी यह वायरस सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैल रहा है।

कौन-कौन से लक्षण दिख सकते हैं?

H3N2 फ्लू के लक्षण आम फ्लू जैसे ही होते हैं, इसलिए कई बार लोग इसे हल्के में ले लेते हैं। इसके मुख्य लक्षण हैं:

  • तेज बुखार
  • ठंड लगना और कंपकंपी
  • पूरे शरीर में दर्द
  • सिरदर्द
  • बहुत ज्यादा थकान
  • नाक बंद होना या बहना
  • खांसी

ध्यान देने वाली बात यह है कि इसके लक्षण कोविड-19 या अन्य वायरल इंफेक्शन से मिलते-जुलते हो सकते हैं। इसलिए सही पहचान के लिए टेस्ट कराना जरूरी माना जा रहा है।

फ्लू कितना गंभीर हो सकता है?

CDC के अनुसार, फ्लू हर उम्र के लोगों में हल्का भी हो सकता है और गंभीर भी। कई मामलों में यह जानलेवा तक बन सकता है। 2024–25 फ्लू सीजन के आंकड़े बताते हैं कि अस्पताल में भर्ती फ्लू मरीजों में से करीब 16.8% को ICU में रखना पड़ा। 6.1% मरीजों को वेंटिलेटर की जरूरत पड़ी और करीब 3% मरीजों की अस्पताल में मौत हो गई। यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि फ्लू को साधारण बुखार समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

खुद को कैसे बचाएं?

डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि बुखार या फ्लू जैसे लक्षण दिखें तो आराम करें और बाहर निकलने से बचें। भीड़-भाड़ वाली जगहों में मास्क पहनें। साथ ही हाथ बार-बार धोएं। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग खास सावधानी रखें। जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Published on:
21 Dec 2025 09:59 am