
Q Fever Symptoms Hindi: मौसम बदलते ही सर्दी, खांसी और बुखार होना एक आम बात है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर बुखार साधारण वायरल नहीं होता? अगर आपको तेज बुखार के साथ-साथ भयंकर सिरदर्द और पूरे बदन की मांसपेशियों में असहनीय दर्द हो रहा है, तो यह क्यू फीवर (Q Fever) भी हो सकता है।
यह एक ऐसी बीमारी है जो पशुओं (जानवरों) के जरिए इंसानों में फैलती है। अमेरिका की हेल्थ संस्था सीडीसी (CDC) और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, शुरुआत में यह एक आम फ्लू जैसा लगता है, लेकिन अगर सही समय पर इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह फेफड़ों और लिवर को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
बहुत से लोगों ने इसका नाम भी नहीं सुना होगा। दरअसल, क्यू फीवर एक खास तरह के बैक्टीरिया (Coxiella burnetii) की वजह से होता है। यह बैक्टीरिया ज्यादातर पालतू जानवरों जैसे, भेड़, बकरी और गाय-भैंसों में पाया जाता है। अब आप सोचेंगे कि यह इंसानों में कैसे आता है? तो बात यह है कि जब ये जानवर बच्चे पैदा करते हैं, या उनके दूध, पेशाब और गोबर के संपर्क में कोई इंसान आता है, तो यह बैक्टीरिया हवा में फैल जाता है।
जब हम सांस लेते हैं, तो यह धूल के कणों के साथ हमारे शरीर के अंदर चला जाता है। कभी-कभी बिना उबाला हुआ (कच्चा) दूध पीने से भी यह बीमारी हो सकती है। राहत की बात यह है कि यह बीमारी एक इंसान से दूसरे इंसान में नहीं फैलती। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, सी. बर्नेटी संक्रमण से पीड़ित प्रत्येक 100 लोगों में से 1 से 5 लोगों को क्रॉनिक क्यू फीवर हो जाता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।