हॉट ऑन वेब

दुनिया का सबसे बड़ा खरगोश हुआ गुम, पुरस्कार जानकर चौंक जाएंगे आप

सबसे पहले तो आप यह जानकर चौंक जाएंगे कि दुनिया का सबसे बड़ा खरगोश होगा कितना बड़ा। इसके बाद उसे खोजने के बदले में जो रकम दी जा रही वह भी हैरान करने वाली है।  

2 min read
Apr 14, 2021
darius.jpg

नई दिल्ली।

दुनिया का सबसे बड़ा खरगोश गुम हो गया है। जी हां, आपने सही पढ़ा। अब आप यह जानकर हैरान होंगे कि इसे खोजने के बदले में इसकी मालकिन करीब एक लाख की रकम पुरस्कार में दे रही है। दूसरी चौंकाने वाली बात इस खरगोश की कद-काठी है। तो आइए आपको आगे यह भी बता देते हैं।

दरअसल, इस खरगोश का नाम डैरियस है और इसकी लंबाई 4 फुट और 5 इंच है। यही वजह है कि इसका नाम गिनिज वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। फिलहाल वह गुम हो गया है। हालांकि, यह पता नहीं लग पाया है कि वह खुद कहीं भाग गया है या फिर उसे किसी ने चुरा लिया है। मगर उसकी गुमशुदगी से मालकिन बहुत परेशान हैं। उन्होंने डैरियस को उन तक पहुंचाने वाले को इनाम देने का ऐलान भी किया है। इनाम की राशि एक हजार पाउंड यानी करीब एक लाख रुपए है।

डैरियस नाम का यह खरगोश अपनी मालकिन एनेट एडवर्ड के साथ वर्सेस्टरशॉयर स्थित उनके घर में रहता था। बीते शनिवार को वह गुम हो गया। उसे कौन और किस लिए ले गया है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। आपको यह भी बता दें कि एनेट पहले मॉडल रह चुकी हैं और डैरियस के जाने के बाद से वह बेहद दुखी हैं। उसे जल्द से जल्द वह पाना चाहती हैं और इसीलिए उन्होंने उसे खोजने वाले को इतनी भारी पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।

असल में एनेट पिछले कई साल से खरगोश की ब्रीडिंग कर रही हैं। उनके पास पहले से कई रिकॉर्ड बनाने वाले खरगोश मौजूद हैं। डैरियस के चोरी होने की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि डैरियस काफी बूढ़ा हो गया है और अब वह ब्रीडिंग नहीं कर सकता, इसलिए प्लीज उसे जो भी ले गया, उसे वापस कर दे।

एनेट के मुताबिक, मैंने पुलिस को भी डैरियस के खोने की सूचना दी है और वह भी अपनी ओर से उसे खोजने में जुटी है। उन्होंने बताया कि डैरियस लोगों में काफी लोकप्रिय है और वह टीवी कार्यक्रमों में भी आता रहा है। हालांकि, बुजुर्ग होने के बाद एनेट ने उसे अब टीवी कार्यक्रमों में भेजना बंद कर दिया था।

Published on:
14 Apr 2021 02:07 pm