आईपीएल

IPL 2021: मजबूत इरादे के साथ उतरेगी चेन्नई, इन नए चेहरों को मिली जगह

महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennia Super Kings) इस सीजन में मजबूत इरादे के साथ उतरेगी। चेन्नई की टीम पिछले साल आईपीएल के इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही थी....
3 min read
• •
Updated: 7 Apr 2021, 11:45 PM IST
chennai_super_kings-0000.png

नई दिल्ली। आईपीएल (IPL) के पिछले सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennia Super Kings) इस सीजन में मजबूत इरादे के साथ उतरेगी। चेन्नई की टीम पिछले साल आईपीएल के इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही थी। वह पिछले सीजन में लय हासिल नहीं कर सकी थी।

नए चेहरों को दी गई जगह
चेन्नई की टीम में धोनी, सुरैश रैना, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायुडू और इमरान ताहिर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने इस सीजन के लिए कुछ नए चेहरों को भी जगह दी है। पिछले सीजन में पावरप्ले में रन नहीं बना पाना तथा मध्यक्रम का नहीं चलना चेन्नई के फ्लॉप प्रदर्शन का अहम कारण रहा था। पिछले साल रैना आईपीएल में नहीं खेले थे, लेकिन इस सीजन में उनके वापस आने से टीम के बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलेगी।

गायकवाड़ कर सकते हैं सीएसके लिए ओपनिंग
चेन्नई ने इस साल इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली को सात करोड़ रुपए में खरीदा है। इसके अलावा उसके पास रुतुराज गायकवाड़ भी हैं। मोइन ने इंग्लैंड के लिए टी20 में अच्छा प्रदर्शन किया है। गायकवाड़ ने पिछले सीजन में लगातार अर्धशतक जड़े थे और उम्मीद है कि वह इस बार भी चेन्नई के लिए ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर उतरेंगे। चेन्नई के पास फाफ डू प्लेसिस के रूप में एक और बल्लेबाज मौजूद है, लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई के लिए शीर्ष क्रम में उनके और मोइन के बीच किसे चुना जाता है।

ये खिलाड़ी नहीं खेल पाए हैं ज्यादा क्रिकेट
चेन्नई मैनेजमेंट के लिए कुछ खिलाड़ियों का लंबे समय बाद खेलना चुनौती साबित हो सकता है। रैना आईपीएल में आखिरी बार 2019 में खेले थे। हालांकि वह हाल ही में हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले थे, जहां उन्होंने पांच मैचों में 102 रन बनाए थे। पिछले साल आईपीएल के बाद धोनी ने भी क्रिकेट नहीं खेला है, जबकि टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा इस साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया दौरे में चोटिल होने के बाद अबतक नहीं खेले हैं।

पहला मैच मुंबई इंडिंयस से
चेन्नई की टीम में सैम करेन मध्यक्रम के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस साल लगातार क्रिकेट खेला है। इमरान के अलावा मोइन के होने से चेन्नई के पास स्पिन विभाग में विकल्प मौजूद है। ब्रावो डेथ ओवर के लिए फिट बैठते हैं, जबकि करेन को भी मौका मिल सकता है। इनके अलावा शार्दूल ठाकुर भी चेन्नई के गेंदबाजी आक्रमण को गति दे सकते हैं। टीम के बल्लेबाज कोच माइकल हसी ने कहा कि चेन्नई को वानखेड़े स्टेडियम में गत विजेता मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करनी है, जिससे उसे मदद मिलेगी।

चेन्नई की टीम इस प्रकार है :

महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), सुरैश रैना, नारायण जगदीशन, रुतुराज गायकवाड़, केएम आसिफ, करण शर्मा, अंबाटी रायुडू, दीपक चाहर, फाफ डू प्लेसिस, शार्दुल ठाकुर, मिशेल सेंटनर, ड्वेन ब्रावो, लुंगी एनगिदी, सैम करेन, रवींद्र जडेजा, इमरान ताहिर, रॉबिन उथप्पा, मोइन अली, के. गौतम, चेतेश्वर पुजारा, एम. हरिशंकर रेड्डी, के. भगत वर्मा, सी. हरी निशांत और आर. साई किशोर।

कोचिंग स्टाफ : स्टीफन फ्लेमिग (मुख्य कोच), माइक हसी (बल्लेबाजी कोच), एल. बालाजी (गेंदबाजी कोच), एरिक सिमंस (गेंदबाजी सलाहकार) और राजीव कुमार (फील्डिंग कोच)।

Published on: