जगदलपुर

Dhan Kharidi: कर्मियों की हड़ताल के बीच आज से धान खरीदी की शुरुआत, अफसरों पर बढ़ा दबाव

Dhan Kharidi: कर्मियों की हड़ताल के बीच छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। अनुभवहीन अफसरों को फील्ड पर उतारा गया, जिससे कई केंद्रों पर तैयारी अधूरी दिखी।
2 min read
धान खरीदी पर हावी रहेगी हड़ताल (photo source- Patrika)
धान खरीदी पर हावी रहेगी हड़ताल (photo source- Patrika)

Dhan Kharidi: धान खरीदी का जिम्मा संभालने वाले सहकारी समिति के कर्मी हड़ताल पर चल रहे हैं। इस बीच आज से बस्तर समेत समूचे प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने वाली है। हर जिले में प्रशासन ने हड़ताल का हल निकालनेे की कोशिश की है। इसके तहत खाद्य और कृषि विभाग के अफसरों को धान खरीदी के काम में लगाया जा रहा है। आज से जब तक हड़ताल चलेगी तब तक वही केंद्र में धान तौलते दिखेंगे।

Dhan Kharidi: कभी यह काम फील्ड पर नहीं किया

ऐसा होने पर किसानों को काफी परेशानी हो सकती है। हम ऐसा इसलिए लिख रहे हैं क्योंकि जिन अफसरों को खरीदी में लगाया जा रहा है उन्होंने कभी यह काम फील्ड पर नहीं किया है। पत्रिका ने शुक्रवार को जिले के कुछ केंद्रों का जायजा लिया तो पता चला कि हड़ताल का असर पहले दिन दिखेगा। कई केंद्रों में आधी-अधूरी तैयारी दिखी। केंद्रों पर लगाए गए तालों को प्रशासन द्वारा खुलवाया गया, किंतु मजदूरों की अनुपस्थिति के कारण साफ-सफाई, बोरी व्यवस्था, और अन्य प्रारंभिक तैयारी का काम बाधित रहा।

आज किसानों के धान लेकर पहुँचने पर केंद्रों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इधर प्रशासन का कहना है कि किसानों को किसी भी स्थिति में असुविधा नहीं होने दी जाएगी और खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी वैकल्पिक कदम उठाए गए हैं। बस्तर जिले के एक केंद्र में ऐसी तैयारी नजर आई।

अनिश्चितकालीन हड़ताल 17 नवंबर से

सहकारिता कर्मचारी अब तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर रहे थे। पर अब आर-पार की लड़ाई की तैयारी में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 17 नवंबर से अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इन सब के बीच सरकार की ओर से कर्मचारियों की 4 सूत्रीय मांगों को लेकर अब तक कोई जवाब नहीं आया है। सरकार की इस बेरुखी से कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है।

दावा यह: प्रशासन के अनुसार धान खरीदी के लिए तौल मशीन, बारदाना और फड़ व्यवस्था दुरुस्त है।

प्रशासन का दावा सभी केंद्रों में बारदाना उपलब्ध

तौल मशीनों की जांच पूरी

फड़ व्यवस्था व्यवस्थित

खरीदी संचालन के लिए सभी टीमों की ड्यूटी तय

ऑनलाइन टोकन किसान स्वयं मोबाइल से निकाल सकेंगे

खसरा जोड़ने या संशोधन के लिए किसान सोसायटी में अपडेटेड वेरिफिकेशन रिपोर्ट के आधार पर सुधार करा सकेंगे

सतर्क ऐप से रियल टाइम निगरानी

किसानों की एंट्री के लिए गेट पास ऐप अनिवार्य

ऑपरेटरों का तबादला हिटलरशाही का आरोप

Dhan Kharidi: धान खरीदी की तैयारियां ठप होने पर प्रशासन ने 79 केन्द्रों के ऑपरेटरों का तबादला कर दिया है। धान खरीदी से ठीक पहले सहकारी समिति कर्मचारियों और ऑपरेटरों के तबादले को लेकर नाराजग़ी चरम पर है। कर्मचारियों ने प्रशासन पर मनमानी और ‘हिटलरशाही’ का आरोप लगाया है, जिसके चलते उपार्जन केंद्रों की स्थिति अव्यवस्थित हो गई है।

Updated on:
15 Nov 2025 01:31 pm
Published on:
15 Nov 2025 01:31 pm