
GST Reform: नगर निगम में शुक्रवार को जीएसटी रिफॉर्म पर सियासत गरमा गई। निगम में सत्तारुढ़ भाजपा ने जहां जीएसटी को लेकर समर्थन प्रस्ताव पारित किया तो वहीं कांग्रेस ने इस समेलन का विरोध कर दिया। कांग्रेस इस प्रस्ताव से दूर रही। निगम के सामान्य सभा कक्ष में इस दौरान एक भी कांग्रेसी पार्षद मौजूद नहीं था। सभा के जरिए भाजपा के महापौर और पार्षदों ने जीएसटी सुधार को क्रांतिकारी बताते हुए समर्थन प्रस्ताव पारित किया गया।
इसी बीच कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने पत्रवार्ता ली। उन्होंने कहा कि महापौर और भाजपा पार्षद मोदी का गुणगान करना बंद करें और शहर की समस्याओं को दूर करने पर काम करें। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा का उपयोग राजनीतिक हित साधने के लिए नहीं होना चाहिए। वहीं समेलन में महापौर संजय पांडे ने कहा कि इस विशेष समेलन में एक ऐसे युग पुरुष का अभिनंदन करने एकत्रित हुए हैं जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है।
प्रधानमंत्री ने सरल कर प्रणाली-सरल भारत के दृष्टिकोण से वस्तु एवं सेवा कर जैसे ऐतिहासिक सुधार को साकार किया है। राजीव भवन में नगर निगम की सामान्य सभा को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया जिसे बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के द्वारा संबोधित किया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए कहा सामान्य सभा जनहित के मुद्दों शहर विकास और जनता की समस्याओं का निराकरण करने किया जाता है किन्तु महापौर संजय पांडे शहर विकास को छोड़ सिर्फ और सिर्फ जीएसटी उत्सव प्रधानमंत्री मोदी का जाप कर रहे हैं।
GST Reform: भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी जितना भी पैसे खर्च कर लो जितना भी उत्सव मना लो जितना भी झूठ बोल लो प्रदेश और देश की जनता अब जान चुकी है कि जीएसटी के माध्यम से भाजपा सरकार ने पूरे 8 वर्षों तक देश की जनता को लूटा है। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने इस दौरान कहा कि सामान्य सभा में शहर के नागरिकों की समस्याओं को लेकर उनके जरूरतों को लेकर शहर के अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था की अंतर्गत मल्टी स्टोरी पार्किंग को लेकर दलपत सागर में स्वीकृत राशि को लेकर और अन्य विषयों को लेकर सामान्य सभा की प्रक्रिया होती है।
परंतु महापौर अपने आकाओं को खुश करने के लिए सामान्य सभा का सिर्फ दुरुपयोग कर रहे हैं। जिस जीएसटी से भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश की जनता को 8 वर्षों तक लुटा है और इस लुट के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देकर हम देश की जनता का अपमान नही कर सकते। महापौर संजय पांडे ने देश की जनता का अपमान किया है उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि जो सामान 68 रुपए का था उसे 8 वर्षों तक 105 रुपए में दिया गया।
GST Reform: महापौर संजय पांडेय ने कहा कि 60 साल तक लूट मचाए रखने वाली कांग्रेस ,राष्ट्रहित के हर मुद्दे पर हमेशा विरोध करती है। धारा 370 हटाने की बात हो,राम मंदिर निर्माण की बात हो,तीन तलाक की बात हो, नागरिक संशोधन अधिनियम हो, सर्जिकल स्ट्राइक एयर स्ट्राइक हो या एक राष्ट्र एक चुनाव हो कांग्रेस के लोगों ने हमेशा विरोध किया है। इस विशेष समेलन में हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हम विश्वास दिलाना चाहते हैं कि स्थानीय निकायों से लेकर महानगरों तक इस क्रांति को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए हम पूर्ण प्रतिबद्ध है।