जयपुर

Rajasthan: ‘स्वर्णपरी’ अरुंधति चौधरी को 1 करोड़ तो यशवीर को मिले 30 लाख रुपए, दर्द बयां किया तो जागी सरकार

राजधानी जयपुर में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को 1 करोड़ रुपए और भाला फेंक के कांस्य पदक विजेता यशवीर सिंह को 30 लाख रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। 102 डिग्री बुखार के बावजूद अरुंधति ने हार नहीं मानी थी। सम्मान न मिलने पर जताई नाराजगी के बाद सरकार ने यह कदम उठाया।
2 min read
• •
Updated: 9 Aug 2026, 7:58 AM IST
arundhati chaudhary gets rs 1 crore
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के साथ सीएम भजनलाल शर्मा (पत्रिका फोटो)

जयपुर: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को आखिरकार राज्य सरकार ने सम्मानित कर ही दिया। दरअसल, प्रतियोगिता जीतने के बाद हाल ही लौटी अरुंधति ने सरकार की ओर से सम्मान राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद हरकत में आए खेल विभाग ने सम्मान समारोह की घोषणा की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें एक करोड़ रुपए की राशि का चेक प्रदान किया।

कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में शनिवार को आयोजित इस समारोह में राष्ट्रमंडल खेल 2026 और अन्य प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को भी पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इस दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले यशवीर सिंह को 30 लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। इनके अलावा अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक विजेता संध्या विश्नोई, पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और राहुल शर्मा को भी पुरस्कार राशि दी गई।

सम्मान समारोह में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, युवा मामले एवं खेल विभाग मंत्री केके विश्नोई, विधि मंत्री जोगाराम पटेल और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पत्रिका को बताई थी पीड़ा

छह अगस्त को जयपुर आने के बाद अरुंधति ने पत्रिका से इंटरव्यू में सरकार की ओर से कोई सहायता नहीं मिलने की पीड़ा जाहिर थी। इस पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सम्मान समारोह का आयोजन किया और पुरस्कार राशि प्रदान की।

नहीं टूटा हौसलाः अरुंधति

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से संवाद में अरुंधति ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले उन्हें 102 डिग्री बुखार हो गया था। लेकिन मेरा हौसला नहीं टूटा, मैंने सोच लिया था कि मैं या तो 9 मिनट में अपना 100 प्रतिशत दूं, या फिर अगले चार साल और इंतजार करूं। बस, अपने हौसले के दम पर मैंने यह जीत हासिल की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे सम्मान

अरुंधति चौधरी शनिवार को जयपुर से विमान के जरिए दिल्ली रवाना हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गेम्स के सभी पदक विजेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।

Updated on:
9 Aug 2026, 7:58 AM IST
Published on: