Cook Cum Helper Salary: राज्य सरकार ने मिड-डे मील कुक-कम-हेल्पर्स के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला लिया है। एक अप्रेल 2026 से अब उन्हें 2467 की जगह 2667 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे।
जयपुर। राज्य सरकार ने मिड-डे मील योजना में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स को राहत देते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। एक अप्रेल 2026 से मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि लागू कर दी गई है। अब तक 2467 रुपए प्रतिमाह मिलने वाला मानदेय बढ़ाकर 2667 रुपए कर दिया गया है।
यह फैसला बजट घोषणा 2026-27 के तहत लिया गया है, जिससे प्रदेशभर के हजारों कुक-कम-हेल्पर्स को सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग के अनुसार संशोधित मानदेय अप्रेल से देय होगा। लंबे समय से चल रही मांग को स्वीकार किए जाने के बाद कर्मियों में संतोष का माहौल है।
यह वीडियो भी देखें
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दो यूनिफॉर्म के लिए 1-1 हजार रुपए डीबीटी के जरिए उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा था कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिड-डे मील कुक-कम-हेल्पर सहित सभी मानदेय कर्मियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि का निर्णय लिया है, जो 1 अप्रेल 2026 से प्रभावी होगी।
उन्होंने बताया था कि अमृत आहार योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को सप्ताह में पांच दिन गर्म दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के कार्य भी करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला पर्यवेक्षकों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि कार्य प्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके। आने वाले समय में उनकी आंखों की निःशुल्क जांच और चश्मा उपलब्ध कराने की योजना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुसार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाकर ही आत्मनिर्भर और सशक्त देश का निर्माण किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार 19 मार्च से 15 मई तक मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चला रही है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया था।