शादी समारोह में अचानक कॉफी मशीन धमाके के साथ फ़ट गई। अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
जयपुर। अजीतगढ़ थाना इलाके के गांव दिवराला में शादी समारोह में अचानक कॉफी मशीन धमाके के साथ फ़ट गई। अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादशे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घायल लाेग बाबा नारायण दास राजकीय सामान्य अस्पताल में भर्ती
घायलों को अजीतगढ़ के बाबा नारायण दास राजकीय सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक जने की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया।
कॉफी मशीन में अचानक गैस अधिक भरने से धमाका
जानकारी के अनुसार दिवराला गांव के जोशी मोहल्ला में विश्वनाथ शर्मा के पुत्र अरविंद का लगन का समारोह चल रहा था। शाम को समारोह के पास ही मेहमानों के लिए बन रही कॉफी मशीन में अचानक गैस अधिक भरने से धमाका हो गया।
धमाके से कॉफी मशीन की परखच्चे उड़ गए
धमाके से कॉफी मशीन की परखच्चे उड़ गए वहीं आस-पास के लोग भी चपेट में आ गए। दुर्घटना में रोहित, राजू, राम अवतार, हीरालाल, अशोक घायल हो गए। अचानक हुए धमाके से लोग सकते में आ गए तथा वहां अफरातफरी का माहौल हो गया।
घायलों को अजीतगढ़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां राजू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया। शेष घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।