Rajasthan Budget: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी।
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगी। दिया कुमारी सोलहवीं विधानसभा के पंचम एवं बजट सत्र में बुधवार को ग्यारह बजे सदन में लगातार अपना तीसरा बजट भाषण देंगी।
उन्होंने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री कार्यालय में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को अंतिम रूप दिया। इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, शासन सचिव वित्त (व्यय) टीना सोनी, शासन सचिव वित्त (बजट) राजन विशाल, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कुमारपाल गौतम एवं निदेशक वित्त (बजट) बृजेश किशोर शर्मा मौजूद थे।
गौरतलब है कि राजस्थान सरकार का आगामी बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और शहरी-ग्रामीण विकास पर केंद्रित रहने के संकेत दे रहा है। माना जा रहा है कि इस बार कई नई योजनाओं के साथ बड़े स्तर पर घोषणाएं की जा सकती हैं। खासतौर पर रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए नई भर्तियों का ऐलान संभव है।
यह वीडियो भी देखें
पेंशनभोगियों को राहत देने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। वहीं विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि पर भी सरकार विचार कर सकती है। परिवहन क्षेत्र में भी बड़े फैसले सामने आ सकते हैं। रोडवेज बेड़े को मजबूत करने के लिए नई बसों की खरीद की घोषणा संभव है। इसके साथ ही शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है।
सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय सरकार वित्तीय अनुशासन पर भी जोर दे सकती है। अनावश्यक खर्चों में कटौती कर राजकोषीय घाटा कम करने की रणनीति अपनाई जा सकती है। जीएसटी वसूली को और सख्त बनाने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने पर भी फोकस रहेगा, ताकि राज्य पर कर्ज का बोझ कम हो। कुल मिलाकर आगामी बजट विकास की रफ्तार और वित्तीय संतुलन के बीच तालमेल साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।