जयपुर

Rain Alert: राजस्थान के 18 जिलों में भारी बारिश का डबल अलर्ट, जानें अगले 3 दिन कहां-कहां मेहरबान रहेगा मानसून

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में अगले तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। राजधानी जयपुर सहित 30 जिलों में आज भी कहीं भारी से अतिभारी बारिश और कहीं भारी बारिश की संभावना है।
3 min read
Aug 07, 2026
jaipur rain
जयपुर में बारिश। फोटो: पत्रिका

Rajasthan Weather Alert: जयपुर। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर रुक-रुककर शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। मौसम विभाग ने आज जयपुर सहित 30 जिलों में कहीं भारी से अतिभारी बारिश और कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम केंद्र जयपुर ने प्रदेश के 4 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 12 जिलों में भी बारिश की संभावना है।

इससे पहले गुरुवार को राजस्थान में मानसून ने जमकर रंग दिखाया। भरतपुर से अलवर और गंगापुरसिटी तक जोरदार बारिश हुई। दो दिन की लगातार बारिश ने सड़कों को दरिया बना दिया तो कहीं कॉलोनियों और दुकानों में पानी घुस गया। राजधानी जयपुर में गुरुवार रात मौसम ने करवट बदली। दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन रात करीब 11 बजे अचानक मौसम बदल गया। इस दौरान जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर, टोंक रोड, राजापार्क, जगतपुरा इलाके में बारिश हुई।

डीग के सीकरी-पहाड़ी और भरतपुर के रूदावल-उच्चैन में ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे की बात करें तो सर्वाधिक बारिश डीग के सीकरी-पहाड़ी और भरतपुर के रूदावल-उच्चैन में हुई, यहां छह इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश से भरतपुर में दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में हालात खराब हो गए। वहीं, धौलपुर में भी गुरुवार को हल्की बरसात हुई। अलवर में सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर हुई तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और पानी उतरते ही कई स्थानों पर सड़कें उखड़ गई। गंगापुरसिटी में शाम तक बारिश का दौर जारी रहा।

एक दिन में कहां कितनी बारिश हुई?

स्थानजिलाबारिश (इंच)
सीकरीडीग8.26
रुदावलभरतपुर6.69
पहाड़ीडीग6.22
उच्चैनभरतपुर6.14
रूपवासभरतपुर5.19
भरतपुरभरतपुर4.72
सेवरभरतपुर4.44
बाड़ीधौलपुर3.70
मासलपुरकरौली3.62
सरमथुराधौलपुर2.91
गंगापुरसिटीसवाई माधोपुर2.67

10 तक भारी बारिश की संभावना

मौसम केन्द्र जयपुर की ओर से जारी दो सप्ताह के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 7 से 10 अगस्त तक भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा 15 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार है। मौसम केन्द्र के अनुसार बीते सप्ताह सामान्य से 26% कम बारिश हुई। मानसून ट्रफ लाइन फिरोजपुर, रोहतक और कानपुर से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर सक्रिय हुआ है।

7 अगस्त को राजस्थान में बारिश की चेतावनी।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर ने बूंदी, झालावाड़, कोटा, टोंक जिले में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, राजसमंद, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर जिले में भी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।

8 अगस्त को राजस्थान में बारिश की चेतावनी।

8 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: चितौड़गढ़, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद और सलूम्बर।
येलो अलर्ट: अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, बालोतरा, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर।

9 अगस्त को राजस्थान में बारिश की चेतावनी।

9 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूम्बर, सिरोही और उदयपुर।
येलो अलर्ट: बूंदी, चित्तौड़गढ़, जयपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली और फलौदी।

10 अगस्त को राजस्थान में बारिश की चेतावनी।

10 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

येलो अलर्ट: अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, सिरोही, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली और फलौदी।