जयपुर

Jaipur Petrol Pump Raid: पेट्रोल पंपों की ‘कालाबाजारी’ आई सामने, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

Jaipur News: जयपुर में पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं से पूरा पैसा लेकर कम पेट्रोल–डीजल देने का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच में तीन पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी पकड़ी जिसके बाद 12 नोजल सीज कर दिया।
2 min read
May 06, 2026
Petrol Pump Raid
बगरू और नींदड में पेट्रोल-पंप पर पर कार्रवाई करती टीम का फोटो: पत्रिका

Petrol Pump Raid: राजधानी के पेट्रोल पंपों पर ‘मीटर का जादू’ चल रहा था। उपभोक्ता पूरा पैसा देते, लेकिन टंकी में पेट्रोल–डीजल 40 एमएल तक कम पहुंचता था। राजधानी से सटे नींदड, दिल्ली रोड और बगरू इलाके के पेट्रोल पंप संचालक उपभोक्ताओं से पूरा पैसा लेने के बावजूद कम तेल देकर जेबें भर रहे थे।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा तक शिकायतें पहुंचीं तो विभाग के अधीन विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ की तीन टीमें बनाई गईं। सोमवार को जांच में पंप संचालकों का खेल उजागर हुआ। प्रति पांच लीटर पेट्रोल-डीजल में 40 एमएल तक कम दिया जा रहा था और महीने में 70 हजार से 1 लाख रुपए तक की कमाई हो रही थी। गड़बड़ी मिलने पर तीनों पंपों के 12 नोजल सीज कर दिए गए।

मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि जयपुर के बाहरी इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पंपों पर पूरा पैसा लेकर भी कम पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इस तरह की लूट रोकने के लिए कार्रवाई की गई है। पंपों पर 67 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। राजस्थान के सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कराया जाएगा और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई होगी।

एक्सपर्ट्स की सलाह

विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ के उप नियंत्रक आलोक झारवाल ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि पेट्रोल–डीजल लेने से पहले मीटर पर जीरो जरूर देखें। जीरो नहीं देखने पर सेल्समैन के लिए गड़बड़ी करना आसान हो जाता है।

इन पंपों पर मिला कम पेट्रोल–डीजल

बगरू – रीको औद्योगिक क्षेत्र – महेंद्र शर्मा एंड कंपनी: 40 एमएल तक कम, महीने में 1 लाख तक कमाई

नींदड – मैसर्स विनायक इंडियन पेट्रोल पंप: 30 एमएल तक कम, 1 लाख रुपए तक कमाई

दिल्ली रोड – झंडी प्रसाद–परमेश्वर लाल पेट्रोल पंप: 30 एमएल तक कम, 70 हजार रुपए तक कमाई

आमेर – हाइर्व सर्विस स्टेशन: नोटिस जारी

Updated on:
06 May 2026 09:04 am
Published on:
06 May 2026 08:56 am