जयपुर

Rajasthasn Weather: पारे में उतार चढ़ाव, गलन से नहीं राहत… जानें किन इलाकों में दो दिन अति शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट

पौष मास में प्रदेश में हाड़कंपाने वाली सर्दी का दौर जारी है, अगले दो दिन तीन जिलों में अति शीतलहर चलने का अलर्ट मौसम विभाग ने दिया है
2 min read
Dec 19, 2024
Weather Update Meteorological Department Prediction Rajasthan 5 Days Cold Wave and Cold Day Alert IMD

जयपुर। प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से पारे का मिजाज सुधरा लेकिन अब भी हाड़कंपाने वाली सर्दी और गलन बरकरार है। बीती रात शेखावाटी अंचल के फतेहपुर कस्बे में पारा करीब दस दिन बाद जमाव बिंदू से थोड़ा आगे खिसका लेकिन सर्दी से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तीन जिलों में अति शीतलहर और दस जिलों में शीतलहर का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है।

दस दिन बाद सुधरा पारे का मिजाज

सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में बीते दस दिनों से रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे जमा रहा। वहीं विक्षोभ के असर से बीती रात कस्बे के कृषि अनुसंधान केंद्र पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से आगे बढ़कर 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह क्षेत्र में हल्का कोहरा छाया और सर्द हवा चलने से मौसम का मिजाज ठंडा रहा।

तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिन सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ में अति शीतलहर चलने की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिले में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कोटा और भरतपुर संभाग में कल सुबह घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

छह से ज्यादा जिले सबसे सर्द

प्रदेश के छह जिलों में बीती रात पारा 5 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड हुआ। मैदानी इलाकों में संगरिया 3.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। करौली 3.4, माउंटआबू 2.0, सिरोही 4.7, बीकानेर 4.8, श्रीगंगानगर 5.0, नागौर 5.0, धौलपुर 5.7, अलवर 5.0, अंता बारां 7.8, जैसलमेर 7.2, फलोदी 8.0, डबोक 8.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

पिंकसिटी में उछला पारा, मौसम सर्द

राजधानी जयपुर में बीती रात पारा 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में बढ़ोतरी के बाद भी शहर में बीती रात गलन के कारण मौसम सर्द रहा। शहर के बाहरी इलाकों में सुबह हल्की धुंध भी दिखाई दी। मौसम विभाग ने शहर में दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना जताई है।

Updated on:
19 Dec 2024 10:24 am
Published on:
19 Dec 2024 10:24 am