जयपुर

राजस्थान के 4 निकायों में BJP-कांग्रेस का खेल बिगाड़ गए RLP, AAP और निर्दलीय, जानें किसे मिली पालिकाध्यक्ष-सभापति की कुर्सी

राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के अलावा अन्य दलों और निर्दलीयों ने भी अपना दबदबा दिखाया है। नागौर की मूंडवा पालिका में RLP की अलका कंदोई निर्वाचित हुईं। बीकानेर के नोखा में विकास मंच (माकपा) के बजरंगलाल सोनी सभापति बने। बारां नगर परिषद में AAP की शीतल राठौर ने जीत दर्ज की। वहीं, हनुमानगढ़ में निर्दलीय विधायक के गुट की मंजू रणवा सभापति चुनी गईं।
5 min read
Sep 22, 2026
rlp aap and independents upset bjp congress
Manju Ranwa, Sheetal Rathore and Alka Kandoi (Patrika Photo)

Rajasthan Chairman Municipal Council President Election Results: मूंडवा (नागौर): निकाय चुनाव में पिछली बार रालोपा का पहला बोर्ड बनाने वाले मूंडवा ने इस बार फिर रालोपा को शहर की सरकार बनाने का जनादेश दिया। सोमवार को तहसील कार्यालय के इजलास में हुए मतदान और मतगणना के बाद रालोपा प्रत्याशी अलका कंदोई को लगातार दूसरी बार नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। रिटर्निंग अधिकारी रजत ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि कुल 25 पार्षदों ने मतदान किया। इनमें अलका कंदोई को 13 मत मिले, जबकि निर्दलीय घनश्याम सदावत को 12 मत मिले।

भाजपा प्रत्याशी और नोटा को एक भी मत नहीं मिला। एक मत से विजयी घोषित होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने अलका कंदोई को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।

कंदोई परिवार को चौथी बार अवसर

अलका कंदोई के अध्यक्ष बनने के साथ ही कंदोई परिवार के नाम मूंडवा में चौथी बार अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। इससे पहले उनकी बड़ी सास गणपति देवी कंदोई तथा दादा ससुर बालकिशन कंदोई भी नगरपालिका अध्यक्ष रह चुके हैं। सरपंच के बाद अब तक मूण्डवा नगरपालिका में नौ अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, जिनमें चार बार अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड कंदोई परिवार के नाम है।

मूंडवा में नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष अलका कंदोई को प्रमाण पत्र सौंपते रिर्टनिंग अ​धिकारी

बीकानेर: विकास मंच को 32, भाजपा को 13 वोट

नोखा नगर पालिका में कन्हैयालाल झंवर के नेतृत्व में विकास मंच ने लगातार पांचवीं बार बोर्ड बनाने के साथ अध्यक्ष पद पर भी कब्जा बरकरार रखा। सोमवार को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में विकास मंच के बजरंग सोनी ने भाजपा के दिनेश सुथार को 19 वोट से हराया। सोनी को 32 और सुथार को 13 वोट मिले। विकास मंच के 29 पार्षदों के अलावा तीनों निर्दलीय पार्षदों ने भी सोनी के पक्ष में मतदान किया। परिणाम के बाद रिटर्निंग अधिकारी प्रिया बजाज ने सोनी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

तीन निर्दलीयों का साथ

पालिका चुनाव में विकास मंच के 29 पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के मतदान में मंच के सभी 29 पार्षदों ने बजरंग सोनी के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद तीनों निर्दलीय पार्षदों ने भी सोनी के पक्ष में वोट किया। इस तरह सोनी के खाते में 32 वोट पहुंचे। भाजपा के 13 पार्षदों ने पार्टी के प्रत्याशी दिनेश सुथार के पक्ष में मतदान किया। सुथार को 13 वोट मिले।

मतदान के लिए सुबह करीब साढ़े दस बजे निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर के नेतृत्व में विकास मंच के पार्षदों को चार-चार की संख्या में कड़ी सुरक्षा के बीच नगरपालिका लाया गया। सबसे पहले नारायण झंवर ने मतदान किया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे में मंच के सभी 29 पार्षदों ने मतदान कर दिया। वहीं भाजपा के सभी 13 पार्षद भी एक साथ नगरपालिका पहुंचे। भाजपा पार्षद जिला उपाध्यक्ष महेश झंवर के नेतृत्व में मतदान करने पहुंचे और मतदान के बाद वापस लौटे।

नोखा में अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद प्रमाण पत्र लेते बजरंग सोनी और साथ में है नारायण झंवर

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अध्यक्ष पद के चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नगरपालिका परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। नोखा पुलिस उप अधीक्षक जरनैल सिंह, थानाधिकारी गोविंद सिंह और पांचू थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे।

गूंजते रहे जयकारे

बजरंग सोनी की जीत की जानकारी मिलते ही समर्थकों में उत्साह नजर आया। नगरपालिका परिसर के बाहर हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की' नारे गूंजते रहे। हालांकि विकास मंच की ओर से मुख्य जश्न उपाध्यक्ष चुनाव के बाद मनाने की बात कही।

बारां में शीतल राठौर बनीं सभापति

बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी (AAP) की शीतल राठौर सभापति निर्वाचित हुईं। सभापति चुनाव में उन्हें कुल 60 में से 31 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी भारद्वाज को 20 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीलेश जैन के पक्ष में एक भी वोट नहीं पड़ा।

सभापति शीतल राठौर

कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी भारद्वाज को दो निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन मिला। वहीं, भाजपा के 9 पार्षद चुनाव जीतकर नगर परिषद में पहुंचे थे, लेकिन सभापति के चुनाव में भाजपा के किसी भी पार्षद ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। इसके चलते भाजपा प्रत्याशी नीलेश जैन शून्य वोट पर रहीं। 31 वोट हासिल कर शीतल राठौर ने सभापति पद पर जीत दर्ज की और बारां नगर परिषद की कमान संभाली।

हनुमानगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रणवा सभापति निर्वाचित

हनुमानगढ़ नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल गुट की प्रत्याशी मंजू रणवा निर्वाचित हुईं। रणवा को कुल 60 मतों में से 35 वोट मिले। भाजपा की विनीता बतरा को 16 और कांग्रेस की सुशीला खीचड़ को 9 वोट मिले। इस तरह मंजू रणवा ने 19 मतों से जीत दर्ज की।

सभापति चुनाव में पहले वोट से लेकर मतगणना तक मंजू रणवा का दबदबा नजर आया। सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे वह नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं। मतदान सुबह 10 बजे नगर परिषद टाउन सभागार में शुरू हुआ। मतदान शुरू होने के बाद सबसे पहले मंजू रणवा ने वोट डाला। इसके बाद वार्ड एक के नवनिर्वाचित पार्षद मनजिंद्र सिंह लेघा ने मतदान किया। दोनों एक तरफ कुर्सी पर बैठकर मतदान शुरू होने का इंतजार करते रहे।

सभापति पद के चुनाव में मंजू रणवा का चुनाव चिह्न ट्यूब लाइट था। दोपहर एक बजे तक मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू की गई। सबसे पहले कांग्रेस की सुशीला खीचड़ को मिले 9 मतों की गणना हुई। इसके बाद भाजपा की विनीता बतरा को मिले 16 मतों की घोषणा की गई। आखिर में करीब डेढ़ बजे रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रवि कुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रणवा को 35 वोट मिलने पर 19 मतों से विजयी घोषित किया और उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया। परिणाम घोषित होते ही विधायक गणेशराज बंसल गुट के पार्षदों ने विधायक के पोस्टर लहराए और जिंदाबाद के नारे लगाए।

सभापति मंजू रणवा

मंजू रणवा बोलीं- यह हनुमानगढ़ शहर की जीत

नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवा ने कहा कि यह हनुमानगढ़ शहर की जीत है। इतनी विकट परिस्थिति में जिस धैर्य के साथ सहयोगी पार्षदों ने उनका साथ बनाए रखा, उसके लिए वह उनकी आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो परेशानियां भुगती हैं, उन्हें वह समझती हैं और सहयोगी पार्षदों का यह कर्ज नहीं चुका पाएंगी। रणवा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी भी हनुमानगढ़ में ऐसा माहौल नहीं हुआ, जैसा इस बार देखने को मिला। उन्होंने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल के मार्गदर्शन में पूर्व की तरह शहर में निरंतर विकास कार्य किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल ने 56 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें से 33 प्रत्याशी विजयी हुए थे।

Updated on:
22 Sept 2026 10:29 am
Published on:
22 Sept 2026 10:29 am