जैसलमेर

जैसलमेर में सड़क हादसे में मेजर की मौत: शादी को हुए थे महज 30 दिन, ऊंट से टकराकर 5 बार पलटी SUV

जैसलमेर के थईयात आर्मी एरिया में सेना की एसयूवी ऊंट से टकराकर पांच बार पलट गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती रही। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी 26 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। जबकि लेफ्टिनेंट आयुष्मान और अभिनव राठौड़ गंभीर घायल हैं।
2 min read
Jul 31, 2026
Jaisalmer Army SUV Accident
सड़क हादसे में मेजर की मौत (जैसलमेर में सेना की तस्वीर, पत्रिका फाइल फोटो)

Jaisalmer Army SUV Accident: राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। थईयात आर्मी एरिया के पास सेना की एक एसयूवी गाड़ी ऊंट से टकराकर पांच बार पलट गई। हादसे में गाड़ी चला रहे मध्यप्रदेश निवासी 26 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार दो अन्य सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

100 मीटर तक घिसटती चली गई गाड़ी

सदर थाने के एएसआई जगदीश चारण के मुताबिक, घटना देर रात लगभग 12:30 बजे की है। मेजर हमजा आरिफ अपने दो साथियों के साथ ड्यूटी पूरी कर वापस आर्मी स्टेशन लौट रहे थे। शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर आर्मी स्टेशन के पास अचानक सड़क पर ऊंट आ गया।

रफ्तार में होने के कारण SUV सीधे ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी अनियंत्रित होकर पांच बार पलटी और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में ऊंट की भी मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में मेजर को घोषित किया मृत

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और मिलिट्री पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तीनों अधिकारियों को नजदीकी थईयात सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया।

दो अधिकारियों की हालत नाजुक

हादसे में घायल हुए दोनों अधिकारी लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ का इलाज सेना अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

एक महीने पहले ही हुई थी शादी

मेजर हमजा आरिफ मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले थे। महज एक महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया है। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Updated on:
31 Jul 2026 01:02 pm
Published on:
31 Jul 2026 01:02 pm