जालोर

Jalore : भाद्राजून थानाधिकारी महेंद्र सिंह खींची की हार्ट अटैक से मौत, ब्लड प्रेशर बढ़ने पर जोधपुर एम्स में हुए थे भर्ती

भाद्राजून थानाधिकारी महेंद्र सिंह खींची की जांच के दौरान ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ पाया गया, जो नियंत्रण में नहीं आ रहा था। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एम्स में भर्ती कराया।
less than 1 minute read
Sep 12, 2025
Bhadrajun inspector Death
भाद्राजून थानाधिकारी महेंद्र सिंह खींची (फाइल फोटो-पत्रिका)

जालोर। जिले में तैनात भाद्राजून थानाधिकारी महेंद्र सिंह खींची (45) की गुरुवार तड़के हृदयघात से मौत हो गई। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और वे इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती थे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को महेंद्र सिंह खींची को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उन्हें तुरंत जोधपुर लेकर गए, जहां सबसे पहले एक निजी अस्पताल में दिखाया गया। जांच के दौरान उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ पाया गया, जो नियंत्रण में नहीं आ रहा था। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एम्स में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह लगभग चार बजे इलाज के दौरान उनका ब्लड प्रेशर फिर से अनियंत्रित हो गया और हार्ट अटैक आने से उनकी मृत्यु हो गई।

मूल रूप से जोधपुर के निवासी

महेंद्र सिंह मूल रूप से जोधपुर जिले के नोरवा इंद्रोका गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका मकान जोधपुर शहर में आरटीओ ऑफिस के पास स्थित है। वहीं से उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

साइबर थाने में भी दे चुके थे सेवा

पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में उनके निधन से गहरा शोक है। डीसीपी गौतम जैन ने बताया कि महेंद्र सिंह करीब तीन महीने पहले ही भाद्राजून थाने में पदस्थापित हुए थे। इससे पहले वे सायला थाने में थाना अधिकारी और साइबर थाने में भी सेवाएं दे चुके थे। उनकी कार्यशैली और मिलनसार स्वभाव के कारण वे साथियों और क्षेत्र के लोगों के बीच लोकप्रिय थे।

लोगों में शोक की लहर

महेंद्र सिंह के असमय मौत की खबर फैलते ही जोधपुर और जालोर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन, सहकर्मी और परिचितों ने इसे पुलिस विभाग और समाज के लिए बड़ी क्षति बताया है।

Published on:
12 Sept 2025 11:55 am