Groom Dies In Road Accident: जालोर के सेली गांव में शादी के महज चार दिन बाद एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
जालोर। चार दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम छाया हुआ है। भादरूणा क्षेत्र के सेली गांव निवासी एक युवक की शादी के महज चार दिन बाद सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सेली निवासी हरिकृष्ण पुत्र चैनाराम करड़ का विवाह 26 अप्रेल को संपन्न हुआ था। 29 अप्रेल को प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। घर में नई खुशियों का माहौल था, लेकिन 1 मई को आई एक खबर ने सब कुछ बदल दिया।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार हरिकृष्ण मोटरसाइकिल से झाब क्षेत्र से जोधावास रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुथारों की ढाणी के पास उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे की खबर गांव में फैलते ही हर कोई स्तब्ध रह गया। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की रस्में और खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
मृतक हरिकृष्ण परिवार का इकलौता बेटा था और छह बहनों का भाई था। उसकी बहनों में सुरेखा कुमारी, केली कुमारी, ममता कुमारी, हुआ कुमारी और जमनी कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा उसकी धर्म बहन पूजा कुमारी (प्रजापत) भी है, जो अनाथ है और अपने ननिहाल धरनावास गांव में रहती है। परिजनों के अनुसार उसके लिए हरिकृष्ण ही भाई और सहारा था।
घटना के बाद नवविवाहिता पत्नी, माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि हरिकृष्ण शांत, मिलनसार और मददगार स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।