जालोर

Teacher Recruitment Scam: जालोर में अब तक 15 टीचर बर्खास्त और 21 सस्पेंड; 113 शिक्षक SOG के रडार पर

राजस्थान के जालोर जिले में फर्जीवाड़े और डमी अभ्यर्थी बैठाकर सरकारी नौकरी पाने वाले 20 से अधिक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, 15 अन्य कार्मिक बर्खास्त किए गए हैं। रीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर 113 शिक्षकों पर SOG की जांच जारी है।
3 min read
Aug 19, 2026
rajasthan teacher recruitment scam
Rajasthan Teacher Recruitment Scam (Patrika Photo)

Rajasthan Teacher Recruitment Scam: जालोर: सरकारी नौकरी हथियाने के लिए बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े किए गए और इस तरह के फर्जीवाड़े का केंद्र जालोर जिला भी रहा। सरकार की ओर से पिछले पांच साल में हुई सरकारी नियुक्तियों की जांच में शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर की अनियमितताएं और गड़बड़ियां सामने आईं। इस तरह के मामलों में विभागीय जांच के बाद एसओजी मुख्यालय जयपुर में प्रकरण दर्ज हुए और उसके बाद आरोपियों को अपना पक्ष रखने का समय दिया गया।

नियुक्ति प्राप्त कुछ कार्मिक तो पक्ष रखने पहुंचे ही नहीं, जबकि जो पहुंचे भी उनके दस्तावेजों में फर्जीवाड़े के तथ्य सामने आए। उसके बाद उनकी सेवा समाप्ति की सिफारिश एसओजी की ओर से विभाग को की गई। जालोर में 15 कार्मिकों को बर्खास्त और 21 कार्मिकों को निलंबित किया गया, जबकि 113 कार्मिक के मामले एसओजी जांच के दायरे में हैं।

शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती 2022 में 11 बर्खास्त

विभागीय जानकारी के अनुसार, शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती 2022 में जांच के बाद परमेश्वरी विश्नोई, विमला, एलची, विक्रम, सुरेश कुमार, चेतन पुरोहित, भारमल, राजाराम, मनोहरलाल, गणपतलाल और अशोक कुमार को बर्खास्त किया गया। बर्खास्त की कार्रवाई 15 जनवरी 2025 से 5 जून 2025 के बीच की गई।

फर्जीवाड़ा करने वाले निलंबित

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के अंतर्गत 5 अभ्यर्थी ऐसे भी हैं, जो फर्जीवाड़े में सहभागी बने, जिन्हें निलंबित किया गया।

  • सांचौर में प्रयोगशाला सहायक किशोर कुमार पर कनिष्ठ अभियंता भर्ती 2020 नकल प्रकरण में संलिप्तता के आरोप हैं।
  • डबाल के राउमावि के शारीरिक शिक्षक हरीराम पर डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा देने के आरोप हैं।
  • रामपुरा के राउमावि के शारीरिक शिक्षक मनोहरलाल पर डमी अभ्यर्थी को बैठाने के साथ फर्जी डिग्री उपयोग, दस्तावेज मिस मैच के आरोप हैं।
  • सेड़िया राउमावि के शारीरिक शिक्षक सुरेश कुमार पर फर्जी डिग्री उपयोग के आरोप हैं, इन्हें निलंबित किया गया है, जबकि एक अभ्यर्थी का न्यायालय स्थगन है।

प्रारंभिक शिक्षा में फर्जीवाड़े पर इन्हें किया गया बर्खास्त

जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक के अंतर्गत नकल प्रकरण में संलिप्तता पर 5 कार्मिकों की सेवाएं समाप्त की गई।

  • बागोड़ा उपखंड के वाड़ा भाड़वी स्थित राउप्रावि चंदाजी का धोरा के शिक्षक दलपत सिंह पर प्राध्यापक हिंदी (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा 2022 में संलिप्त होने पर बर्खास्त किया गया।
  • सांचौर के राप्रावि वाल्मीकि नगर के अध्यापक गणपतराम गोदारा के कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा 2020 में संलिप्त होने पर बर्खास्त किया गया।
  • चितलवाना के राप्राव बिटा का गोलिया विरावा के अध्यापक सुरील कुमार बेनीवाल के उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने पर बर्खास्त किया गया।
  • सायला के राप्रावि देवला नाडी वालेरा के अरविंद कुमार को तृतीय श्रेणी अध्यापक 2022 में अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी बैठाने के आरोप में बर्खास्त किया गया।
  • सरनाऊ के राउप्रावि पालडी देवड़ान के अध्यापक राजीव कुमार को उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त हाने पर कार्रवाई की गई।
  • 2 मई 2025 को इन सभी की सेवा समाप्त की गई।

प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत 15 सस्पेंड

  • फागोतरा के प्रबोधक छतराराम पुरोहित को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने पर निलंबित किया गया है।
  • राउप्रावि सैली चितलवान के अध्यापक मांगीलाल, हाडेतर राप्रावि जोधा की ढाणी के अध्यापक श्रवण कुमार और पहाड़पुरा राप्रावि पुराना पॉवर हाउस की शिक्षका संगीता को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने पर सस्पेंड किया गया।
  • सैनी राप्रावि भीलों की ढाणी के अध्यापक जेसाराम को उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने, डूंगरी के राप्रावि की भगवानाराम कुराडा की ढाणी की अध्यापक छम्मी को उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में, सांचौर के राप्रावि प्रभु अरणिया की ढारी के अध्यापक सुरेश विश्नोई को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने पर निलंबित किया गया है।
  • सांचौर के राउप्रावि पहाड़पुरा गोलासन के शिक्षक चेतन कुमार को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने, भीनमाल के राबाउप्रावि कालेटी के अध्यापक प्रकाश चौधरी को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में संलिप्त होने, पमाणा के राउप्रावि मारु खेड़ा के अध्यापक श्रवण कुमार को रीट भर्ती परीक्षा 2021 में सलिप्त होने पर निलंबित किया गया है।
  • बागोड़ा के राप्रावि खटानों की ढाणी डूंगरवा के अध्यापक रामनिवास विश्नोई को रीट भर्ती परीक्षा 2021 और पटवारी परीक्षा 2021 में संलिप्त होने, चितलवाना के राउप्रावि माधापरा टांपी के अध्यापक दिनेश कुमार को डमी कैंडिडेट बैठाकर शिक्षक बनने के आरोप में निलंबित किया गया है।
  • सरनाऊ में रामावि जगाजी की ढाणी के मनोहरलाल को द्वितीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 में डमी कैंडिडेट के आरोप में और सांचौर के राप्रावि गोगाजी का थान चौरा के शिक्षक सुनील को शारीरिक शिक्षक अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा 2022 में संलिप्त होने पर निलंबित किया गया है।
  • सभी निलंबित शिक्षकों को कार्य स्थल से निलंबन के बाद मुख्यालय जिले के विभिन्न मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किए गए हैं और जांच विचाराधीन है।

थर्ड ग्रेड के 113 पर एफआईआर दर्ज

भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी को ऐसे समझा जा सकता है कि सरकार ने पिछले पांच साल की नियुक्तियों की जांच करवाई तो बड़े स्तर पर खामियां और गड़बड़ियां मिली। शिक्षा विभाग की बात करें तो 113 तृतीय श्रेणी शिक्षकों के खिलाफ मामले दर्ज किए। जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल परमार ने बताया कि ये मामले एसओजी मुख्यालय जयपुर में विचाराधीन हैं। इन मामलों में हस्ताक्षर और फोटो मिसमैच के मामले ज्यादा है। हालांकि ये अभी ऑन ड्यूटी है। गड़बड़ी पुख्ता होने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Updated on:
19 Aug 2026 06:04 pm
Published on:
19 Aug 2026 05:53 pm