
CG News: लंबे समय से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से परेशान युवक ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा के एसपी ऑफिस में जहर खाकर युवक ने खुदकुशी की कोशिश की है। एसपी ऑफिस में जहर सेवन का मामले आने से हड़कंप मच गया। तत्काल एएसपी, कोतवाली प्रभारी सहित सदलबल युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मड़वा निवासी टीआर साहू पिछले दिनों से एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत किया था। शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर दफ्तरों का चक्कर काट रहा था। टीआर साहू ने आरोप लगाया था कि उसका मकान मालिक उसके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है। विशेष रूप से उसने यह आरोप लगाया कि उसकी भाभी के नाम पर बीमा की राशि को गलत तरीके से निकालने की कोशिश की जा रही है। भाभी को मारकर एक्सीडेंट बताकर बीमा राशि डलवाने के लिए मबजूर किया जा रहा है। इस मामले में उसने कई बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कथित तौर पर उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी के चलते उसने गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। जैसे ही उसने जहर एडमिरल नामक कीटनाशक दवा का सेवन किया, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया। तत्काल उसे प्राथमिक उपचार देते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल व्यक्ति की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस घटना के बाद पुलिस विभाग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिरकार शिकायतकर्ता की बातों को समय रहते गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही थी और सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राजकुमार मरावी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन परिस्थितियों में व्यक्ति ने यह कदम उठाया।