जौनपुर

जौनपुर में शादी में आई 4 साल की मासूम का सुबह झाड़ियों में मिला शव, चेहरे पर लगा था खून

Jaunpur Girl Murder Case: जौनपुर में शादी समारोह से लापता हुई 4 साल की मासूम बच्ची का शव नदी के पास झाड़ियों में मिला। चेहरे पर खून के निशान, दुराचार के बाद हत्या की आशंका। जानिए पूरा मामला...
2 min read
Jun 29, 2026
Jaunpur News, Jaunpur Crime News, Jaunpur Girl Murder Case
शादी में आई 4 साल की मासूम हुई लापता, सुबह झाड़ियों में मिली लाश | फोटो सोर्स- patrika.com

Jaunpur Crime News: यूपी के जौनपुर जिले से एक बहुत ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जफराबाद थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आई 4 साल की मासूम बच्ची का शव सोमवार सुबह सई नदी के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। बच्ची शनिवार रात से अचानक गायब हो गई थी। परिवार वालों को शक है कि मासूम के साथ बर्बरता करने के बाद उसकी हत्या की गई है।

नानी के घर आई थी खुशियां मनाने, पसरा मातम

जानकारी के अनुसार, 4 साल की मासूम बच्ची शनिवार को अपने माता-पिता के साथ नानी के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। घर में चारों तरफ शादी की खुशियां थी और रस्में चल रही थी। द्वारचार के कार्यक्रम के दौरान जब सभी लोग काम में व्यस्त थे, तभी बच्ची खेलते-खेलते अचानक कहीं गायब हो गई। जब काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी, तो घरवालों ने घबराकर उसकी तलाश शुरू कर दी।
पिता का रो- रोकर बुरा हाल है, उन्होंने बताया कि हमने पूरी रात चैन की सांस तक नहीं ली। गांव के एक-एक घर में जाकर अपनी बेटी को ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह उसकी लाश मिलने की खबर आई। हमारी दुनिया उजड़ गई, हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए और कातिल को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

नदी के पास बुरी हालत में मिला मासूम का शव

सोमवार सुबह जब गांव के लोग सई नदी के धनेजा घाट की तरफ गए, तो उन्होंने झाड़ियों में बच्ची का शव देखा। इसकी खबर तुरंत पुलिस और परिवार वालों को दी गई। मासूम का शव उसके ननिहाल से करीब 600 मीटर दूरी पर जाकर मिला है। जब लोगों ने शव को पास से देखा, तो बच्ची सफेद रंग की फ्रॉक पहने हुई थी और उसके चेहरे पर खून लगा हुआ था। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि उसके साथ बहुत बर्बरता की गई है।

बड़े अधिकारी मौके पर, जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के बड़े अधिकारी, जिनमें जिलाधिकारी भी शामिल हैं, पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और गांव के लोग आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।