Rajasthan Crime: कक्षा 6 में पढ़ने वाली छात्रा मीरा दोपहर करीब 1 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर निकली ही थी कि पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे जबरन कार में डालकर फरार हो गए।
Jhalawar Kidnapping Case: झालावाड़ के चौमहला क्षेत्र के उन्हेल थाना अंतर्गत ढाबला गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े स्कूल के बाहर से एक छात्रा के अपहरण की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों ओर नाकाबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में पुलिस ने मध्य प्रदेश के उज्जैन से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार कक्षा 6 में पढ़ने वाली छात्रा मीरा दोपहर करीब 1 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर निकली ही थी कि पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। घटना को देखते ही अन्य बच्चों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी जिसके बाद पुलिस और परिजनों को भी सूचित किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया और तुरंत ही संभावित मार्गों पर सख्त नाकाबंदी की व्यवस्था की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की और लगातार पीछा जारी रखा। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर बालिका को सुरक्षित तरीके से दस्तयाब कर लिया, जिससे पुलिस की तत्परता और समन्वय की सराहना की जा रही है।
जांच के दौरान इस सनसनीखेज अपहरण मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इसके पीछे किसी बाहरी आपराधिक गिरोह का हाथ नहीं था, बल्कि बालिका की अपनी मां और उसका सौतेला पिता ही इस घटना में शामिल थे।
बताया जा रहा है कि दोनों बालिका को अपने साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन इस बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक पिता रण सिंह की कुछ समय पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद पारिवारिक परिस्थितियां और अधिक जटिल हो गई थीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अपहरण सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।