
जोधपुर.
शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वह पुलिस की नाक के नीचे भी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। पुलिस चौकी प्रतापनगर के बाहर खड़ी चेतक (पीसीआर वैन) का पीछे वाला कांच रविवार देर शाम मोटरसाइकिल सवार युवकों ने पत्थर फेंककर फोड़ डाला और फिर भाग निकले। प्रतापनगर थाने में सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से युवकों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा के अनुसार थाने की चेतक देर शाम चौकी के बाहर खड़ी थी। तभी मोटरसाइकिल सवार युवक वहां से निकले और चलते-चलते ही बड़ा पत्थर फेंककर चेतक का पिछला कांच फोड़ दिया। आवाज सुनकर चौकी के अंदर से पुलिसकर्मी भागकर बाहर आए, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल सवार युवक अंधेरे में गायब हो चुके थे।
पुलिस ने आस-पास के लोगों से बाइक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में चेतक के प्रभारी की तरफ से अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस चौकी के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।