जोधपुर के एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी के साथ कर्मचारियों द्वारा की गई अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जोधपुर। शहर के एक पेट्रोल पंप पर सोमवार को शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। गाड़ी को आगे-पीछे करने को लेकर हुए विवाद में पंप कर्मचारियों ने अधिकारी को घेरकर उनसे हाथापाई की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना देवनगर थाना क्षेत्र के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड रोड स्थित पेट्रोल पंप की बताई जा रही है। पीड़ित विजेंद्र कुमार वर्मा (50) ने इस संबंध में देवनगर थाने में पंप कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस में दी रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित प्रतापनगर क्षेत्र में रहते हैं और वर्तमान में फलोदी जिले में पदस्थापित हैं। वे अपनी कार में सीएनजी भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उनके आगे खड़ी एक गाड़ी गैस भरवाने के बाद भी आगे नहीं बढ़ रही थी।
हॉर्न बजाने पर भी रास्ता साफ नहीं हुआ, तो उन्होंने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई। इसी बात पर एक कर्मचारी नाराज हो गया और उनकी कार पर घूंसे मारने लगा। विरोध करने पर कर्मचारी ने गाली-गलौच शुरू कर दी। वर्मा ने बताया कि घटना की रिकॉर्डिंग करने पर कर्मचारी ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया, जिससे उनका चश्मा गिरकर टूट गया।
यह वीडियो भी देखें
इसके बाद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें घेरकर गर्दन पकड़कर मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पंप कर्मचारियों पर पहले भी दुर्व्यवहार के आरोप लग चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl