जोधपुर

NEET 2026 Paper Leak: नीट पेपर लीक पर मदन दिलावर का बड़ा दावा, बोले- कांग्रेस के कई नेता जेल में हैं, अभी और जाएंगे

Madan Dilawar: नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर पलटवार करते हुए सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही है।
2 min read
May 14, 2026
Madan Dilawar NEET 2026 Paper Leak
मदन दिलावर। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से भाजपा सरकार पर सवाल उठाए जाने के बाद राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय कई पेपर लीक हुए और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह वीडियो भी देखें

कांग्रेस पर साधा निशाना

जोधपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस की तुलना “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” वाली कहावत से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे और कई आरोपी जेल तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि नीट पेपर लीक भारत सरकार से जुड़ा मामला है, राज्य सरकार से नहीं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

'कांग्रेस ने सारे पेपर बेचे'

दिलावर ने कहा कि कांग्रेस ने सारे पेपर बेच दिए थे। कांग्रेस नेता जेल में बैठे हैं। अभी और जेल जाएंगे। नीट पेपर लीक के आरोपी के साथ फोटो और कथित संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने कहा कि राजनीति में हजारों लोगों के साथ फोटो खिंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की असलियत हर समय पता होना संभव नहीं है। यदि कोई व्यक्ति बाद में गलत काम में शामिल पाया जाता है तो उससे फोटो होने भर से कोई नेता दोषी नहीं हो जाता।

डोटासरा के बयान पर प्रतिक्रिया दी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलावर ने कहा कि आरोपियों के साथ उतने ही संबंध हैं जितने डोटासरा के साथ हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई आरोपी भाजपा का बैनर लगा ले तो वह भाजपा नेता नहीं बन जाता। राजनीतिक दलों के बैनर और झंडे आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। राजस्थानी भाषा को स्कूलों में पढ़ाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंत्री ने कहा कि सरकार आदेश का अध्ययन करेगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गहलोत ने साधा था निशाना

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम करने की पहल पर उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से प्रधानमंत्री के निर्देशों की पालना करेगी। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नीट पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा सरकार पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने कहा था कि इस मामले में पकड़ा गया आरोपी भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है और उसके परिवार के कई लोगों को पहले नौकरी मिल चुकी है। गहलोत ने कहा कि लगातार तीन साल से नीट पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने एसओजी की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज नहीं होने पर भी सवाल खड़े किए थे।

Updated on:
14 May 2026 06:32 pm
Published on:
14 May 2026 06:31 pm