
बालमीक पांडेय @ कटनी. हर इंसान के लिए अच्छी सेहत का होना बहुत जरूरी है। Success story एक स्वस्थ शरीर से ही अच्छे मतिष्क का निर्माण होता है। Sports persons Success Story शरीर को स्वस्थ्य रखने में खेल कूद और व्यायाम एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के द्वारा तन और मन दोनों ही स्वस्थ रहते हैं। खेलों से मानव में धैर्य सहनशीलता और मानवीय गुणों का विकास होता है। खेल सभी के व्यस्त जीवन में एहम भूमिका अदा करता है। Players खासकर छात्र जीवन में। खेलों से तंदरुस्ती के इलावा अच्छा अच्छा मनोरंजन भी हो जाता है। इनसे खिलाड़ी में आत्म निर्भर होने की भावना उत्पन्न होती है। इतना ही नहीं खेल से मान-सम्मान के साथ कॅरियर भी बनता है। कुछ ऐसा ही साबित कर दिखाया है बारडोली के होनहारों ने। खेल गतिविधियों से जुड़कर न सिर्फ स्कूल बल्कि जिले का नाम संभाग स्तर से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर धमाल मचा चुके हैं। कटनी के ये खिलाड़ी जिले के लिए एक मिसाल हैं। जिले में खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों की कमी नहीं है। ये खिलाड़ी प्रसिद्ध खेलों शतरंज, क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी, कुश्ती, दौड़ में सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं।
एथलेटिक्स में कमाया नाम
शहर के होनहार खिलाड़ी यश शर्मा शहर से लेकर राजधानी तक एथलेटिक्स में लोहा मनवा रहे हैं। वन टाइम जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट मेडल अपने नाम किए हैं। इसमें एक बार गोल्ड और दो बार सिल्वर मेडल। इसके अलावा 2018 में अहमदाबाद और मुंबई मैराथन में बाजी मारी है।
स्कूल क्रिकेट नेशनल में धमाल
2018-19 में क्रिकेट में भी शहर के होनहार ने बेहतर प्रदर्शन किया है। देवप्रभाकर नगर कछगवां निवासी अमन गुप्ता उत्कृष्ट विद्यालय का होनहार छात्र है। क्रिकेट में स्कूल की ओर से जम्मू काश्मीर में नेशनल स्तर पर न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया बल्कि मध्यप्रदेश का भी प्रतिनिधित्व किया है।
इंटरनेशल मैराथन में दिलाया गोल्ड
मैराथन में शहर के प्रतिभाशाली एथलीट ने गोल्ड दिलाया है। 7 जनवरी 2019 को बडोदरा में आयोजित इंटरनेशनल मैराथन में जितेश विश्वकर्मा ने भाग लिया। दौड़ में शानदार पद्रशर्न करते हुए जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसी प्रकार 24 फरवरी 2019 को आयोजित मैराथन में भी ब्रांस मेडल अपने नाम किया।
दिव्यांग ने बढ़ाया जिले का मान
कहते है कि अगर हौसले बुलंद हो तो दिव्यांगता कभी आड़े नहीं आती है। कुछ ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है, दशरमन निवासी किसान छोटे चक्रवर्ती की ब्लाइंड बेटी सुदामा ने। गत वर्ष दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ब्लाइंड जूड़ो स्पर्धा की वह चैंपियन रहीं और स्वर्ण पदक जीता। पांचवी राष्ट्रीय ब्लाइंड जूडो स्पर्धा में सुदामा ने स्पर्धा में गोल्ड पदक जीता और चैंपियन बनीं।
पॉवर लिफ्टिंग में धमाल
बरही रोड निवासी सत्यदेव चतुर्वेदी की बेटी पॉवर लिफ्टर चारूसिता तिवारी ने पॉवर लिफ्टिंग में धमाल मचाया है। तमिलनाडू के गुड़ीपट्टम नगर में सब जूनियर एवं मास्टर नेशनल चैम्पियनशि में सिल्वर मेडल जीतकर कटनी नगर व प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा भोपाल, इन्दौर प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल, नेशनल लेवल पर केरल व पुणे में सिल्वर मेडल, लखनऊ में नेशनल अनक्यूट में भी गोल्ड मेडल प्राप्त किया है।
सात समंदर पार लहराया परचम
विश्व पटल पर जिले का ही नहीं अपितु भारत देश का नाम ऊंचा कर रहे है कटनी निवासी चैस खिलाड़ी अक्षत खंपरिया। इटली के मिलान सिटी में कै्रस्पी मेमोरियल मास्टर्स केटेगरी इंटरनेशनल चैस टूर्नामेंट में अक्षत ने भारत के साथ शर्दिया, रसिया, मलेशिया, फ्लीपीन, स्पेन देशों के चैस प्लेयर्स के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मैडल पाया था। वे अबतक 40 देशों में इंटरनेशनल चैस टूर्नामेंट खेल चुके हैं।
ये खिलाड़ी भी बढ़ा रहे मान
- स्लीमनाबाद क्षेत्र से ग्राम रैपुरा निवासी मुस्कान विश्वास पिता पलाश जिले की पहली महिला क्रिकेटर होने का गौरव प्राप्त किया है। मुस्कान का रेस्ट ऑफ एमपी व अंडर 19 मप्र बालिका क्रिकेट टीम में चयन हुआ तो पूरे शहर में खुशी का दौर रहा।
- भट्टा मोहल्ला गड्ढा टोला निवासी संगम वंशकार का 14 वर्षीय पुत्र शिवराम का चयन खेल विभाग की कुश्ती अकादमी भोपाल के लिए चयन हुआ है। शिवराम पहले रामदास खलीफा अखाड़ा का विद्यार्थी रहकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
- शहर के हिमांशु लालवानी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश की टीम में अपना स्थान बनाया है। हिमांशु टीम में सेलेक्शन के साथ ही बीसीसीआइ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एक दिवसीय टूर्नामेंट में शामिल हो चुके हैं।
- हाल ही में अनुज शिवात्री शतरंज में इंटरनेशनल मास्टर का टाइटल अपने नाम किया है, जिससे शहर और मध्य भारत का मान बढ़ा है।
- ऋषभ जैन चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया स्कूल हॉकी मैच में बेहतर प्रदर्शन किया है।
एक्सपर्ट व्यू:
जिला खेल अधिकारी विजय भार ने कहा कि खेलकूद मनुष्य के जीवन का एक अभिन्न अंग है। खेलकूद के लिए समय निकालना बहुत आवश्यक है। मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार से स्वस्थ रहना बहुत ही आवश्यक होता है, जिसमें खेल कूद बहुत अहम भूमिका निभाते हैं। खेलकूद से हमारे मन का तनाव दूर होता है और इससे मन और शरीर को शांति मिलती है। मुश्किल समय में शरीर को शक्ति देता है। यदि खेल में खिलाड़ी बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है तो वह इस खेल में अपना कैरियर भी बना सकता है।