
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बोड़ला ब्लॉक के बैजलपुर में छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (CGSWC) की ओर से करीब 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से पीडीएस चावल भंडारण के लिए गोदाम बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की है।
आरोप है कि कहीं ईंटों की जुड़ाई में रेत की जगह डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो कहीं बिना पर्याप्त खुदाई के ही कॉलम खड़े कर दिए गए हैं। मामले में कलेक्टर ने जांच और निरीक्षण कराने की बात कही है।
बोड़ला ब्लॉक के बैजलपुर में बन रहे सरकारी वेयरहाउस के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोदाम के चार कॉलम पहले से बनी सीसी सड़क के ऊपर ही खड़े कर दिए गए हैं। उनका आरोप है कि मजबूत नींव के लिए आवश्यक खुदाई और निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री और तकनीकी मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण में लापरवाही से भविष्य में भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
गोदाम की दीवारों की ईंट जुड़ाई में रेत की जगह डस्ट का इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण में करीब 70 प्रतिशत डस्ट और 30 प्रतिशत रेत मिलाकर उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा घटिया गुणवत्ता की ईंटें इस्तेमाल किए जाने और प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की अनदेखी के आरोप भी सामने आए हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि निर्माण सामग्री और तकनीकी प्रक्रिया में कथित खामियों के चलते दीवारों और कॉलम की मजबूती प्रभावित हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी शिकायत की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता सुधारने की चेतावनी दी। ग्रामीणों का आरोप है कि चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य में लापरवाही जारी है।
कवर्धा कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने कहा कि पिछले दिनों कुछ निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी देखी गई थी, जिसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। बैजलपुर के वेयरहाउस निर्माण मामले में भी कार्य एजेंसी से जानकारी ली जाएगी और टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों की ओर से लगाए गए गुणवत्ता संबंधी आरोपों को जांच का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि निर्माण करने वाले विभाग से जानकारी लेकर आवश्यक निरीक्षण कराया जाएगा।
करीब 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस सरकारी गोदाम में यदि निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई का सवाल उठेगा। फिलहाल प्रशासन ने जांच और निरीक्षण कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर क्या सामने आता है और कथित अनियमितताओं की पुष्टि होने पर जिम्मेदारी किसकी तय की जाती है।