कोंडागांव

कोंडागांव में पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, चालक की मौके पर मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

Kondagaon Accident: कोण्डागांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई। दर्दनाक हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
2 min read
NH 30 Road Accident
कोंडागांव में स्कॉर्पियो हादसे का शिकार (photo source- Patrika)

NH 30 Road Accident: कोण्डागांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बनियागांव पेट्रोल पंप के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

NH 30 Road Accident: बनियागांव पेट्रोल पंप के पास हुआ भीषण हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो क्रमांक CG 21 J 5089नारायणपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिटी कोतवाली कोण्डागांव थाना क्षेत्र के बनियागांव पेट्रोल पंप के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक पिंटू कोलियारा (25), पिता देवानचंद कोलियारा, निवासी नारायणपुर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दो युवक घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में वाहन में सवार पिंटू कश्यप (26), निवासी पुलिस लाइन कोण्डागांव और झंकार नेताम (23), निवासी कुम्हली, जिला नारायणपुर घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों की याद दिलाता है, जहां एक छोटी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

NH-30 पर बढ़ते सड़क हादसे और तेज रफ्तार का खतरा

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 छत्तीसगढ़ के प्रमुख और व्यस्त हाईवे में से एक है, जो रायपुर, कोण्डागांव, जगदलपुर और नारायणपुर जैसे कई महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ता है। इस मार्ग पर रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिससे यहां दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। पिछले कुछ वर्षों में NH-30 पर सड़क हादसों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन हादसों की सबसे बड़ी वजह तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, ओवरटेकिंग और चालक की थकान मानी जाती है।

Updated on:
26 May 2026 05:27 pm
Published on:
26 May 2026 05:27 pm