CG Accident: कोरबा जिले में बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजकमा हाइस्कूल के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई।
CG Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजकमा हाइस्कूल के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति और बेटे के साथ कार में सवार होकर बिलासपुर से घर लौट रही थी। घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई है, उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
CG Accident: दुर्घटना सोमवार की शाम लगभग 5 बजे की बताई जा रही है। कार सीजी-12बीओ-5550 पर सवार होकर एक परिवार के तीन सदस्य बिलासपुर की ओर से कटघोरा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में कटघोरा थाना क्षेत्र में ग्राम रजकमा के पास कार के सामने अचानक एक बाइक आ गई। बाइक को देखकर कार चालक हड़बड़ा गया। उसने बाइक चालक को बचाने की कोशिश की लेकिन बचा नहीं पाया। कार बाइक से टकराई। अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। बाइक सवार दो लोगों को भी चोटें आई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद की।
घटना की सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर सभी को कोरबा के न्यू कोरबा अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान साधना पंजवानी उम्र लगभग 57 वर्ष से की गई है। बताया जाता है कि साधना सोमवार को अपने पति नानक पंजवानी और पुत्र हितेश के साथ बिलासपुर की ओर से घर लौट रही थी। रास्ते में कार हितेश चला रहा था।
इसी बीच रजकमा के पास सामने से एक बाइक आ गई। बाइक सवार व्यक्ति की पहचान कुलदीप सिंह उम्र 47 वर्ष से की गई है जो कटघोरा का रहने वाला है। बताया जाता है कि कुलदीप कटघोरा में स्टील की वेल्डिंग का कारोबार करता है। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी बाइक पर सवार था। दोनों कटघोरा की ओर से रजकमा की ओर जा रहे थे। इस बीच हादसा हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही पंजवानी परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों को देखा। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
घटना में साधना पंजवानी की मौत से परिवार में शोक की लहर है। हादसे में नानक पंजवानी और हितेश पंजवानी को अंदरूनी चोटें आई है। लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। साधना पंजवानी नगर पंचायत छुरीकला के पूर्व अध्यक्ष हीरानंद पंजवानी की भाभी बताई जा रही है। पंजवानी परिवार का छुरी में कारोबार है। हादसे में महिला की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
बताया जाता है कि हाल ही में नवरात्रि के समय नानक पंजवानी के परिवार ने कार को खरीदा था। परिवार के सदस्य इस पर बैठकर बिलासपुर की ओर से घर लौट रहे थे। इस बीच हादसे का शिकार हो गए।