कोरबा

Salwar Gang: कोरबा में ‘सलवार गैंग’ का भंडाफोड़! महिला बनकर ज्वेलरी शॉप में की लाखों की लूट, 2 गिरफ्तार

Jewellery Shop Robbery: कोरबा में महिला का भेष बनाकर ज्वेलरी शॉप में लूट करने वाले 'सलवार गैंग' का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार है।
2 min read
Jul 06, 2026
Salwar Gang
Salwar Gang: कोरबा में 'सलवार गैंग' का भंडाफोड़(photo-patrika)

Salwar Gang: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। तीनों बदमाश महिला का भेष बनाकर अंगूठी देखने के बहाने दुकान में घुसे थे। इसके बाद कट्टा दिखाकर दुकानदार को धमकाया और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर गहने लूट लिए। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में लूट की साजिश कबूल कर ली है।

Korba Robbery: अंगूठी देखने के बहाने दुकान में घुसे

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गमछे से चेहरा ढंके तीन लोग दुकान में पहुंचे। इनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में था। आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी देखने की बात कही। जैसे ही दुकानदार गहने दिखाने लगा, एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और दूसरे ने कट्टा निकालकर संचालक को धमकाया।

मिर्च पाउडर फेंककर गहने लेकर हुए फरार

दुकानदार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उससे झूमाझटकी की। इसी दौरान एक बदमाश ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। मौके का फायदा उठाकर महिला के भेष में मौजूद आरोपी काउंटर के अंदर घुसा और सोने-चांदी के गहने समेटकर फरार हो गया। भागते समय आरोपी अपनी मोटरसाइकिल और कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़कर जंगल के रास्ते पैदल भाग निकले।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमावर्ती जिलों में नाकेबंदी की गई। जांच टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जेल में बनी दोस्ती, बाहर आकर रची लूट की साजिश

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। जेल में ही तीनों की दोस्ती हुई थी। रिहा होने के बाद उन्होंने चोरी की बाइक और अवैध कट्टा खरीदकर ज्वेलरी दुकान लूटने की योजना बनाई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Updated on:
06 Jul 2026 06:17 pm
Published on:
06 Jul 2026 06:17 pm