कोटा

Kota: खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, ईद की नमाज अदा कर मांगी अमन चैन की दुआ

कोटा में ईद उल जुहा के मौके पर ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों ने खासा उत्साह दिखाया।
2 min read
Sep 02, 2017
Eid Al Adha, Eid Ul Juha, Eid Mubarak, बकरीद, बकरा ईद, Eid al Juha, ईद-उल-जुहा, Rajasthan Patrika, Kota patrika, Patrika News, Kota News, Celebration of eid,
Celebration of eid in Kota

सूरज की पहली किरण के साथ ही सफेद और रंग बिरंगे कुर्ता पाजामा पहने, बच्चे, युवा और बुजुर्ग ईदगाहों की ओर बढ़े। शहरकाजी व मौलानाओं की तकरीर के बाद ईदगाह में मुकर्रर समय पर नमाज अदा की गई। एक साथ हजारों सिर खुदा की बारगाह में झुके तो ईदगाहों पर एकता व अनुशासन भी नजर आया। नमाज के बाद हजारों नमाजियों ने एक साथ हाथ उठाकर देश में अमन चैन की दुआएं की और घरों पर जाकर कुर्बानी दी।

बुराइयों से दूर रहें युवा

शहर की प्रमुख किशोरपुरा ईदगाह, नांता ईदगाह व विज्ञान नगर और भीमगंजमंडी समेत अन्य ईदगाहों पर सुबह नमाज अदा करनेके लिए हजारों की संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। चादर बिछाकर सभी ने अपने निर्धारित स्थान पर सामूहिक रूप से नमाज अदा की। किशोरपुरा ईदगाह पर नायबकाजी जुबेर अहमद ने नमाज अदा करवाई। इससे पहले शहरकाजी अनवार अहमद ने तकरीर में कहा कि ईद का त्योहार भाईचारे का पैगाम देता है। यह कुर्बानी का त्योहार है। इससे इंसान में कुर्बानी का जज्बा पैदा किया जाता है। उन्होंने कहा कि इंसान को जिस मकसद के लिए यह शरीर मिला है उसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए वह पूरा करना चाहिए। उन्होंने समाज के युवाओं में फैल रही बुराईयों को दूर करने व नेकी की राह पर चलने का संदेश दिया।

शॉपिंग सेंटर में महिलाओं ने अदा की नमाज

नूरी जामा मस्जिद विज्ञान नगर और नांता ईदगाह में भी हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। यहां नदी पार क्षेत्र समेत दूरदराज के इलाकों से लोग नमाज अदा करने पहुंचे। वहीं शॉपिंग सेंटर स्थित अहले हदीस ईदगाह पर भी पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी नमाज अदा की। नमाज के बाद सभी ने घरों पर कुर्बानी दी। वहीं घंटाघर, किशोरपुरा व वफ्फ नगर आदि इलाकों में मेले लगे रहे। बच्चों को मिली ईदी से उन्होंने अपनी मन पसंद की चीजें खरीदी।

कलक्टर-एसपी ने दी मुबारकबाद

नमाज के बाद किशोरपुरा पुलिस चौकी पर जिला कलक्टर रोहित गुप्ता, एसपी अंशुमान भौमिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर बी.एल. मीणा, एएसपी अनत कुमार और पुलिस उप अधीक्षक बनेसिंह मीणा ने गले लगकर व मुंह मीठा करवाकर शहरकाजी अनवार अहमद व नायबकाजी जुबेर अहमद को ईद की मुबारकबाद दी।

Published on:
02 Sept 2017 01:40 pm